रांची: झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. शनिवार को राज्यभर में मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आय. रांची स्थित मौसम केंद्र के अनुसार उत्तर-पूर्वी, मध्य और दक्षिणी झारखंड के कई हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है.

शनिवार के लिए मौसम विभाग ने विशेष अलर्ट जारी किया है. उत्तर-पूर्वी झारखंड के देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में तेज हवाओं के साथ वज्रपात की आशंका जताई गई है. वहीं मध्य झारखंड के रांची, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़, लोहरदगा, खूंटी, गुमला, कोडरमा और धनबाद में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा. दक्षिणी झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है.
कल से और ज्यादा सक्रिय होगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक 26 से 28 अप्रैल के बीच मौसम और ज्यादा सक्रिय रहेगा. इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में लगातार बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. 26 और 27 अप्रैल को कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, साथ ही ओलावृष्टि की भी संभावना है. 29 और 30 अप्रैल को भी मौसम पूरी तरह साफ नहीं होगा और कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का असर जारी रह सकता है.मौसम में बदलाव के साथ तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है. अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कम होने की संभावना है.
हालांकि बीते 24 घंटे में राज्य के कई जिलों में भीषण गर्मी का असर देखने को मिला. डाल्टनगंज में सबसे अधिक 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक है. बोकारो थर्मल में 43.5 डिग्री के साथ तापमान सामान्य से 4.0 डिग्री ऊपर रहा, जबकि चाईबासा में 42.4 डिग्री दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री और राजधानी रांची में 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से ऊपर है.
