Arafat
PAKUR : सीबीएसई के कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के घोषित परिणामों में एलीट पब्लिक स्कूल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया है. इस उल्लेखनीय उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष और गर्व का माहौल व्याप्त है. विद्यालय के छात्र अबू सुफियान ने 96.6% अंक प्राप्त कर जिले में द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि विद्यालय के ही छात्र एजाज अहमद ने 95% अंक के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया. विशेष बात यह रही कि विद्यालय के कुल 3 विद्यार्थियों ने जिला टॉप 10 में अपनी जगह बनाई, जो विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समर्पित शिक्षण व्यवस्था को दर्शाता है.
इसे भी पढ़ें : बिना वेंडर के ही पंचायतों में लगाया जा रहा स्ट्रीट लाइट, नियमों की उड़ाई जा रही धज्जियां
विद्यालय के अन्य मेधावी छात्रों में इशान अली, अंजली कुमारी, जन्नतुन फिरदौस, रामचंद्र कुमार, सिद्धार्थ रबीदास, महबूबा खातून, यश कुमार ठाकुर तथा रणवीर रबीदास ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया. इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर में एक भव्य विशेष सभा का आयोजन किया गया. इस अवसर पर टॉप 10 विद्यार्थियों का मिठाइयों एवं फूलों के हार से स्वागत किया गया तथा उन्हें उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के दौरान सभी मेधावी छात्रों ने अपनी सफलता के पीछे की मेहनत,अनुशासन और अध्ययन की रणनीतियों को साझा किया, जिससे अन्य छात्रों को प्रेरणा मिली.
विद्यालय के प्राचार्य अभिजीत रॉय ने इस अवसर पर कहा,“यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है. हमें अपने छात्रों पर गर्व है.” वहीं निदेशक अरविंद साह ने कहा “हमारा लक्ष्य केवल परीक्षा में सफलता नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है, और यह उपलब्धि उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.” सह-निदेशक अनुपम आनंद ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा, “सफलता निरंतर प्रयास, अनुशासन और सही मार्गदर्शन का परिणाम होती है. आप सभी ने यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ संकल्प के साथ कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है. भविष्य में भी इसी लगन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते रहें.”
टॉपर अबू सुफियान ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों और अभिभावकों को देते हुए कहा, “नियमित अध्ययन और शिक्षकों का मार्गदर्शन मेरी सफलता की कुंजी रहा.” वहीं एजाज अहमद ने कहा, “आत्मविश्वास और निरंतर अभ्यास से हर लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है. इस अवसर पर उपस्थित सभी अभिभावकों ने भी विद्यालय की कड़ी मेहनत, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की सराहना की तथा विद्यालय प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया. अंत में विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए संदेश दिया कि,
“मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ हर सपना साकार किया जा सकता है.”
इसे भी पढ़ें : नामकुम से डोरंडा तक फोर लेन होगी सड़क, बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने का लक्ष्य
