Vijay Thakur
GODDA : बुधवार की सुबह महागामा शहर पूरी तरह भक्ति में डूबा नजर आया, जब श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ के शुभारंभ अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई. जनकल्याण सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक आयोजन ने पूरे नगर को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया.
इसे भी पढ़ें : सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर झारखंड भाजपा में उत्साह, नेताओं ने दी बधाई
प्रातः 07:00 बजे प्राचीन दुर्गा मंदिर से शुरू हुई यह कलश यात्रा महागामा बाजार, केचुआ चौक, मेन रोड होते हुए बसुआ चौक (राधाकृष्ण मंदिर के सामने) से नगर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करती हुई पुनः कथा स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई. यात्रा मार्ग पर जगह-जगह श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा कर स्वागत किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा.
कलश यात्रा में हजारों की संख्या में माताएं-बहनें सिर पर कलश धारण किए पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुईं. भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों और शंखध्वनि के बीच श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था. नगर के हर चौक-चौराहे पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे महागामा का हर कोना ‘जय श्री हरि’ और ‘हरि बोल’ के जयघोष से गूंज उठा.
इस भव्य आयोजन में युवा, बुजुर्ग और बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया. श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति ने यह साबित कर दिया कि महागामा की धार्मिक आस्था आज भी उतनी ही सशक्त और जीवंत है. आयोजकों ने बताया कि यह कथा सप्ताह पूरे सात दिनों तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन प्रवचन, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. साथ ही उन्होंने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कथा में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की.
कलश यात्रा की सफलता ने न केवल आयोजन की भव्यता को दर्शाया, बल्कि यह भी सिद्ध कर दिया कि जब बात आस्था की हो, तो महागामा एकजुट होकर एक नई मिसाल पेश करता है. “आपकी उपस्थिति ही कार्यक्रम की शोभा है” इसी संदेश के साथ पूरा नगर आज भक्ति और उल्लास में सराबोर रहा.
इसे भी पढ़ें : Breaking: बोकारो के बहुचर्चित पुष्पा हत्याकांड में पुष्पा की मां ने प्राप्त कंकाल को पुष्पा का होने से किया इनकार
