Vijay Thakur
GODDA : नगर थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं. ताजा मामला गोपलाडीह फोरलेन ओवरब्रिज के समीप स्थित जमुआ गांव का है, जहां शुक्रवार को चोरों ने दिनदहाड़े एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, ललिता ब्रह्मचारी अपने घर को बंद कर दोपहर करीब 2:30 बजे अपनी पुत्री के साथ दुकान चली गई थी. घर खाली पाकर चोरों ने मौके का फायदा उठाया और बक्से का ताला तोड़कर करीब 25 भर चांदी, 1 भर सोना और लगभग 30 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए. घटना की जानकारी शाम करीब 4:30 बजे घर लौटने पर हुई, जिसके बाद तुरंत नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई.
इसे भी पढ़ें : गोड्डा के कारगिल चौक पर सिदो-कान्हो को ‘हूल नायक’ का दर्जा देने की मांग, झामुमो ने की श्रद्धांजलि सभा

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके. गौरतलब है कि इसी इलाके में 4 अप्रैल की रात भी बाइक सवार अपराधियों ने फोरलेन पर चार राउंड फायरिंग कर दहशत फैलाई थी. लूट का विरोध करने पर अपराधियों ने दो युवकों पर गोली चलाई, जिसमें असगर अंसारी घायल हो गए थे. लगातार हो रही चोरी, लूट और फायरिंग की घटनाओं से साफ है कि अपराधियों में पुलिस का खौफ कम होता जा रहा है.

स्थानीय लोगों का आरोप है कि नियमित गश्ती नहीं होने के कारण फोरलेन क्षेत्र अपराधियों के लिए सुरक्षित ठिकाना बनता जा रहा है, साथ ही यह इलाका नशे के कारोबार के लिए भी इस्तेमाल हो रहा है. वहीं नगर थाना प्रभारी दिनेश कुमार महली ने बताया कि अभी तक पीड़िता की ओर से लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. इस मामले में विधि सम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें : तेवर में चम्पाई सोरेन, विस्थापितों के मुद्दे पर बोकारो से बड़े आंदोलन का ऐलान
