Nakib
RANCHI : मंगलवार को झारखंड में मौसम ने करवट ले ली है. मौसम विभाग के अनुसार राज्य में आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना बनी हुई है और इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है. कई जिलों में गरज के साथ बारिश हो सकती है, जबकि तेज हवा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने का अनुमान है. वज्रपात की भी संभावना बनी हुई है. यह स्थिति 7 से 9 अप्रैल तक जारी रह सकती है.
इसे भी पढ़ें : असम में कल्पना सोरेन का बड़ा वादा: महिलाओं को ₹2500, मजदूरों को ₹500 न्यूनतम मजदूरी
राजधानी समेत कई जिलों में ज्यादा असर
राजधानी रांची समेत बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, गुमला, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम तथा सरायकेला-खरसावां में इसका ज्यादा असर देखने को मिल सकता है, जबकि देवघर, धनबाद, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में हल्के बादल या कम बारिश की संभावना है.
तापमान में गिरावट
बारिश की वजह से तापमान में भी गिरावट आई है, जहां अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 17 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है और कहा है कि खुले मैदान, पेड़ या बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें, क्योंकि मौसम कभी भी अचानक बदल सकता है.
इसे भी पढ़ें : देवघर पुलिस की मानवीय पहल, “सम्मान योजना” के जरिए बुजुर्गों की सुरक्षा और सम्मान का खयाल
