Nakib
RANCHI : झारखंड के गांडेय से विधायक कल्पना सोरेन ने असम विधानसभा चुनाव को लेकर सोमवार को असम में कई जनसभाओं को संबोधित किया और जोरदार चुनाव प्रचार किया. अपने संबोधन में उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की नीतियों और वादों को विस्तार से रखते हुए कहा कि उनकी पार्टी गरीब, मजदूर और आदिवासी समाज के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है.
इसे भी पढ़ें : बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा ने भव्य कार्यक्रम आयोजित कर अनुसेवक को दी विदाई, अपने वाहन से घर तक किया रवाना
मजदूरों को ₹500, महिलाओं को ₹2500
उन्होंने विशेष रूप से चाय बागान के श्रमिकों की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि झामुमो की सरकार बनने पर श्रमिकों को 500 रुपए न्यूनतम मजदूरी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके. इसके साथ ही महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से 2500 रुपए प्रतिमाह सम्मान राशि देने का भी वादा किया गया. उन्होंने कहा कि यह राशि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी.
युवाओं के लिए रोजगार सृजन
कल्पना सोरेन ने आगे कहा कि हर परिवार को पक्का आवास देने की योजना के साथ-साथ बच्चों के लिए बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की व्यवस्था की जाएगी. युवाओं के लिए रोजगार सृजन को प्राथमिकता में रखते हुए स्थानीय स्तर पर अवसर बढ़ाने का भी भरोसा दिलाया.
हक, सम्मान और बेहतर भविष्य की लड़ाई
मजबत विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह चुनाव किसी एक उम्मीदवार का नहीं, बल्कि आदिवासी समाज के हक, सम्मान और उज्ज्वल भविष्य की लड़ाई है. उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि आपका एक-एक वोट हमारे इस संकल्प को मजबूत करेगा.
इसे भी पढ़ें : देवघर पुलिस की मानवीय पहल, “सम्मान योजना” के जरिए बुजुर्गों की सुरक्षा और सम्मान का खयाल
जनता का समर्थन झामुमो की ताकत
अपने भाषण के अंत में उन्होंने जनता के समर्थन को अपनी सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि जनता ने जो विश्वास झामुमो पर जताया है, उसे हर हाल में कायम रखा जाएगा. उन्होंने असम की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि “हम आपके भरोसे को कभी टूटने नहीं देंगे, और आपके अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ते रहेंगे.”
