Arafat
PAKUR : उपायुक्त कार्यालय में गुरुवार को मृत सरकारी सेवकों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया. इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने चयनित अभ्यर्थियों को व्यक्तिगत रूप से नियुक्ति पत्र सौंपते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दी. बता दें कि 12 मार्च को आयोजित जिला अनुकंपा समिति की बैठक में की गई अनुशंसा के आलोक में कुल 3 आश्रित अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान किया गया.
इसे भी पढ़ें : रांची में घरेलू गैस की उपलब्धता और आपूर्ति को लेकर उपायुक्त की गैस आपूर्तिकर्ताओं के साथ बैठक
अनुकंपा नियुक्ति सिर्फ प्रक्रिया नहीं बल्कि उत्तरदायित्व है
समाहरणालय संवर्ग के अंतर्गत अनुसेवक के पद पर दिनेश किस्कू, सनत कुमार माल एवं देवीधन मोहली को नियुक्ति पत्र सौंपा गया. इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि सेवा के दौरान दिवंगत हुए कर्मियों के आश्रित परिवारों को समय पर आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना सरकार की एक संवेदनशील पहल है. उन्होंने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व का भी प्रतीक है.
कार्यस्थल पर अनुशासन, समयपालन एवं कर्तव्यनिष्ठा सर्वोपरि
उपायुक्त ने नव-नियुक्त कर्मियों को कहा कि कार्यस्थल पर अनुशासन, समयपालन एवं कर्तव्यनिष्ठा सर्वोपरि है. उन्होंने अपेक्षा जताई कि सभी नव-नियुक्त कर्मी पूर्ण ईमानदारी, निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे और प्रशासनिक कार्यों को और अधिक सुदृढ़ बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे. मौके पर स्थापना उप समाहर्ता त्रिभुवन कुमार सिंह, कार्यपालक दंडाधिकारी कांति रश्मि उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में 12 मार्च 2026 को आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय
