BOKARO : गुरुवार को बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा ने अपने जन्मदिन के अवसर पर बोकारो स्टील सिटी के सेक्टर-05 स्थित मानव सेवा आश्रम में दिव्यांग बच्चों के साथ कुछ समय बिताया. इस दौरान उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनका कुशल-क्षेम जाना और बच्चों का मुंह मीठा कराया. उपायुक्त ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें प्रोत्साहित किया.
इसे भी पढ़ें : राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के प्रस्तावित दौरे को लेकर बोकारो उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक
सीएसआर कार्यक्रम का किया अवलोकन
मानव सेवा आश्रम में उपायुक्त ने कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत संचालित मरम्मति कार्य का निरीक्षण किया. उन्होंने आश्रम में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया ताकि दिव्यांग बच्चों की देखभाल और शिक्षा में सुधार किया जा सके.
सोलागीडीह वृद्ध आश्रम का किया दौरा
इसके बाद उपायुक्त ने सोलागीडीह स्थित बाबा वैद्यनाथ जन सेवा समिति वृद्ध आश्रम पहुंचे. उन्होंने बुजुर्गों का हालचाल जाना, उनके स्वास्थ्य और दैनिक जीवन से जुड़ी आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा बुजुर्गों का मुंह मीठा कराया.
गुरूजी वाटिका का निरीक्षण
वृद्ध आश्रम के समीप आदरणीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन की स्मृति में स्थापित गुरूजी वाटिका का भी निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने परिसर की सफाई, रखरखाव और सौंदर्यीकरण को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया.
उपायुक्त के इस पहल से बच्चों और बुजुर्गों में प्रसन्नता देखी गई. उपस्थित लोगों ने इसे समाज में सकारात्मक संदेश देने वाला कदम बताया.
इसे भी पढ़ें : CREA की रिपोर्ट के आधार पर बीएसएल के द्वारा उत्सर्जित प्रदूषण के मामले को बोकारो विधायक ने उठाया विधानसभा में

जन्मदिन पर अपने पिता को किया याद
इससे पूर्व उपायुक्त ने अपने जन्मदिन के अवसर पर अपने पिता को याद करते हुए एक भावुक नोट लिखा. उनके पिता का हाल ही में निधन हुआ है.
अपने पिता को याद करते हुए उन्होंने लिखा…
बाबूजी.. सब ठहर गया है.
सब कहते हैं.. जीवन रुकता रहीं
जीना ही पड़ता है.
पर, मन; वह तो कहीं ठहर गया है.
बहते समय.. बहती दुनियां.
पर मन एक नदी के द्वीप सा जड़ है
मन ही इसे महसूस कर सकता
आज..
जन्म दिन की बधाई है
पर, मन निर्विकार है..
जड़ है.. उमंग हीन है
बाबूजी उस देश का पता नहीं,
पर, यहां तो सब ठहर गया है.
