RANCHI : झारखंड में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है. पिछले 24 घंटे में गुमला राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा जहां न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने रांची समेत राज्य के 12 जिलों में शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है. इनमें रांची गढ़वा पलामू गुमला लातेहार लोहरदगा खूंटी रामगढ़ बोकारो हजारीबाग चतरा और कोडरमा शामिल हैं. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 28 तारीख से न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री तक और गिरावट हो सकती है.
इसे भी पढ़ें : ECL परियोजना में गोलीबारी, डोजर जलाने की कोशिश : हथियारबंद अपराधियों ने की फायरिंग, कर्मियों में मची अफरातफरी
रांची, गुमला और खूंटी जैसे जिलों में सुबह छह बजे विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई जिससे सड़कों पर चलना बेहद जोखिम भरा हो गया है. मौसम के इस बदले मिजाज का असर हवाई सेवाओं पर भी साफ नजर आ रहा है. रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से उड़ान भरने और यहां पहुंचने वाली कई फ्लाइटों को रद्द करना पड़ा है. गुरुवार सुबह सात बजे रांची से कोलकाता जाने वाली पहली फ्लाइट लो विजिबिलिटी के कारण रद्द कर दी गई. इसके अलावा रांची से दिल्ली बेंगलुरु मुंबई और कोलकाता जाने वाली कुल पांच फ्लाइटों को रद्द किया गया है. वहीं आठ फ्लाइटें अपने निर्धारित समय से घंटों की देरी से रांची पहुंचीं.
