L19/Ranchi : सरकार के द्वारा मिली आश्वासन के बाद हिट एंड रन कानून को लेकर ट्रक व बस चालकों ने हड़ताल समाप्त कर दी। हड़ताल को लेकर विरोध कर रहे ट्रक चालक अब काम पर वापस लौट रहे हैं। जबकि, झारखंड के दूर-दराज वाले इलाकों में बुधवार को भी कारोबार संबंधी परेशानी बनी रही। झारखंड चेंबर और रांची चेंबर ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि एक-दो दिनों में स्थिति सामान्य हो जायेगी। रांची चेंबर के अध्यक्ष संजय माहुरी ने कहा कि हड़ताल समाप्त होने को लेकर कुछ इलाकों के चालकों में अब भी भ्रम की स्थिति है।
ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस को इस मामले में स्पष्ट संदेश देना चाहिए। ट्रक और बस ड्राइवरों की हड़ताल खत्म होने से आमलोगों को बहुत राहत मिली है। हड़ताल के कारण सब्जियां महंगी होने लगी थीं। कई राज्यों में सप्लाई चेन बाधित हो गई थी। पंडरा बाजार के कुछ स्थानों पर सप्लाई में कटौती करने की बात भी सामने आयी थी। साथ ही, हड़ताल के कारण दूध, दवा और रसोई गैस की भी कमी हो सकती थी। शहरों के पेट्रोल पंपों पर तेल भी खत्म हो गया था। चिरौंदी स्थित भारत पेट्रोलियम और अन्य जगहों पर तेल की किल्लत होने के कारण बड़ी संख्या में वाहनों को पंप से लौटना पड़ा।
झारखंड चेंबर, अध्यक्ष, किशोर मंत्री ने कहा कि फिलहाल कानून लागू नहीं किया जायेगा। सिमडेगा से कारोबार बाधित करने संबंधी सूचना मिली थी, लेकिन प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद जल्द ही स्थिति सामान्य हो गयी। ड्राइवर बंधुओं से मेरी गुजारिश है कि वे सप्लाई चेन को पुन: बहाल करने का प्रयास करें।