L19 Ranchi : देश के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का असर मैदानी और अन्य इलाकों में दिखने लगा है। ठंड की वजह से झारखंड समेत अन्य इलाकों में भी ठंड बढ़ती जा रही है। देश के अधिकतर राज्यों के तापमान में लगातार गिरावट हो रही है, दिल्ली समेत कुछ राज्यों में बारिश की भी संभावना देखी जा रही है। बर्फबारी के कारण ही कई राज्य शीतलहर की चपेट में हैं। झारखंड भी इससे अछूता नहीं है, 19 दिसंबर से झारखंड में शीतलहर चल रही है। 20 दिसंबर को रांची के कांके का पारा 3 डिग्री तक पहुंच गया था।
शुक्रवार को भी कांके का तापमान तीन डिग्री ही रिकॉर्ड किया गया। 22 दिसंबर से कोहरा के कारण न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग की मानें तो अभी झारखंड में मौसम का मिजाज इसी तरह रहेगा। एक-दो दिनों तक आसमान में बादल छाये रहेंगे। मौसम केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद के अनुसार, आनेवाले पांच से सात दिनों में मौसम शुष्क रहेगा। दिन में कोहरा रह सकता है। अभी कुछ दिनों तक आंशिक बादल छाये रहेंगे। इससे तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी होगी। राजधानी का अधिकतम तापमान 22 से 23 डिग्री व न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेसि के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र ने क्रिसमस के दिन कोहरा छाये रहने की संभावना जतायी है। अभी कोई भी मौसमी चेतावनी नहीं है। शुक्रवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा। कई शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेसि से ऊपर रहा।