L19/W. Singhbhum : जमशेदपुर के महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से फिर से डॉक्टर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। इसे लेकर कई बार डॉक्टर के संगठनों से सरकार से सुरक्षा की भी मांग की थी। मगर एक बार फिर से राज्य में इस तरह का मामला सामने आया है। अस्पताल के पीआइसीयू वार्ड में कार्यरत पीजी मेडिकल के छात्र सह चिकित्सक डॉ. कमलेश उरांव के साथ मारपीट की वारदात को अंजाम दिया गया है। यह घटना सोमवार देर रात करीब 2 बजे की है। डॉक्टर द्वारा लगाये गये आरोप के मुताबिक पांच साल की बच्ची की मौत से आक्रोशित परिजनों ने चिकित्सक के कक्ष में घुसकर हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से चोटिल हो गये।
इसके विरोध में डॉक्टर सुबह 9 बजे से लेकर दोपहर 12.30 बजे तक हड़ताल पर रहे। इस बीच मारपीट करने वालों को गिरफ्तार किये जाने की मांग की गयी। अस्पताल परिसर में पुलिस पिकेट बनाने और डॉक्टरों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग रखी गयी। इसके वजह से ओपीडी सेवाएं दिनभर बंद रही। इलाज कराने आये करीब 900 मरीजों को खाली हाथ ही लौटना पड़ा।
हड़ताल की जानकारी मिलने पर एसडीओ पीयूष सिन्हा और कार्यपालक दंडाधिकारी सुमित प्रकाश अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों से बातचीत के बाद एसडीओ ने 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। डॉक्टरों ने इसे लेकर थाने में शिकायत भी दर्ज करायी। इसके साथ ही चेतावनी दी गयी कि अगर बुधवार की सुबह तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो फिर से सभी चिकित्सक काम बंद करके आंदोलन शुरु कर देंगे।