
L19/Ranchi : झारखंड हाईकोर्ट में आज फिर 1 सितंबर की शाम जमशेदपुर सिविल कोर्ट परिसर में हुए पेशकार राकेश कुमार पर हमले को लेकर सुनवाई हुई। इस दौरान कोर्ट के आदेश के मद्देनजर जमशेदपुर उपायुक्त व एसएसपी वर्चुअल माध्यम से कोर्ट के सामने हाजिर हुए। उन्होंने अदालत को बताया कि घायल पेशकार की स्थिति खतरे से बाहर है। वहीं, कोर्ट ने रजिस्ट्रार जनरल को आदेश दिया कि राज्य के सभी सिविल कोर्ट में गिरफ्तारी के बाद कोर्ट में आरोपियों की पेशी देपहर 2 बजे सुनिश्चित किये जाने का आदेश दिया।
अदालत को यह भी बताया गया कि जमशेदपुर में आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद कोर्ट में शाम 6.30 बजे पेशी होती है, जिससे कई असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। इस संबंध में उच्च न्यायालय ने सभी सिविल कोर्ट में आरोपियों के कोर्ट में पेश करने का समय 2 बजे निर्धारित किया है। इसके बाद अब इस मामले में सीधे 11 सितंबर को सुनवाई होगी। अदालत ने कहा कि हाईकोर्ट के दो सीनियर जज, गृह सचिव, डीजीपी के बीच हाई लेवल रिव्यू कमेटी की बैठक होगी।
गौरतलब है, शुक्रवार की शाम जमशेदपुर सिविल कोर्ट के अपर जिला व सत्र न्यायाधीश संजय कुमार उपाध्याय के न्यायालय के पेशकार राकेश कुमार पर एक युवक ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। इससे राकेश कुमार बुरी तरह से घायल हो गए। इसके बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इस मामले पर झारखंड हाइकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया है। कोर्ट में इस मामले की सुनवाई शनिवार को भी हुई थी। गौरतलब है कि घटना के तुरंत बाद ही कोर्ट में मौजूद पुलिसकर्मियों और वकीलों ने हमलावर को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया है। उसके पास से धारदार हथियार चापड़ बरामद किया गया है।
