L19/Ranchi : झारखंड में अपराधियों के खिलाफ पुलिस सख्ते में है। राज्यभर में पुलिस कार्रवाई कर रही है जिसका परिणाम सामने आता दिखाई पड़ रहा है। झारखंड के आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) की टीम ने 18 दिनों में ही राज्य के 10 प्रमुख संगठित अपराधियों के 230 ठिकानों पर छापा मारा। इस बीच 17 अपराधी पुलिस की गिरफ्त में आये। पुलिस की इस कार्रवाई और गिरफ्तारी का आंकड़ा 16 जुलाई से लेकर 3 अगस्त तक का है। इसके अलावा, 14 जिलों के 338 अपराधियों पर गुंडा एक्ट लगाने का प्रस्ताव भेजा गया है।
सीनियर पुलिस अफसरों के मुताबिक, झारखंड में संगठित आपराधिक गिरोह के विरुद्ध झारखंड एटीएस ने कार्रवाई की चल रही है। बीते 16 जुलाई से 3 अगस्त के बीच एटीएस की टीम ने झारखंड के प्रमुख संगठित अपराधी गिरोह अमन श्रीवास्तव, अमन साहू, अमन सिंह, प्रिंस खान, कालू लामा, लवकुश शर्मा, भोला पांडे, विकास तिवारी, अखिलेश सिंह, डब्लू सिंह के 230 ठिकानों पर छापा मारा है। इस बीच 17 अपराधियों की गिरफ्तारी हुई, वहीं 130 लोगों का वेरिफिकेशन किया गया। 90 संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गयी है। जबकि 91 लोगों को बॉन्ड भरवाया गया है। वहीं पुलिस मुख्यालय की ओर से आपराधिक गिरोह से जुड़े 338 लोगों की निगरानी के लिए झारखंड के सभी जिलों के एसपी को प्रस्ताव भेजा गया है।
इस संबंध में पुलिस प्रवक्ता अमोल बी होमकर ने जानकारी दी कि डीजीपी के आदेश पर एटीएस की टीम संगठित आपराधिक गिरोह के अपराधियों का डेटाबेस तैयार कर रही है। इसके साथ ही जीरो टॉलरेंस को अपनाते हुए उनके खिलाफ एटीएस की कार्रवाई सख्ती से जारी है। संगठित अपराध में शामिल किसी भी अपराधी और उनको शरण देने वाले व्यक्तियों को बक्शा नहीं जायेगा।
कौन कौन हुए गिरफ्तार?
गिरफ्तार अपराधियों में :
- अमन साहू गिरोह के चंदन साव, बॉबी साव, सोनू कुमार, वारिश अंसारी, दिगंबर प्रजापति और राजन कुमार
- अमन श्रीवास्तव गिरोह के ऐजाज अंसारी, मिंकु खान
- कालू लामा गिरोह के रोहित मुंडा, अभिषेक मल्लिक और शुभम विश्वकर्मा
- प्रिंस खान गिरोह के अफजल अंसारी, दानिश मल्लिक, तनवीर तस्लीम
- अमन सिंह गिरोह के बुचन सिंह शामिल हैं।
इनकी गिरफ्तारी के साथ 5 पिस्तौल, 1 रिवाल्वर, 49.83 लाख रुपया नकद, 8 गोली, 2 मैगजीन, 1 स्कॉर्पियो, 2 बाइक और 14 मोबाइल फोन बरामद किये गये हैं।