L19/Ranchi : रांची सांसद संजय सेठ ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। यह मुलाकात नई दिल्ली में हुई जहां सांसद सेठ ने रेल मंत्री से रांची में रेल सुविधाओं के विस्तार, नई ट्रेनों के परिचालन और कई ट्रेनों के भाड़े को बढ़ाने का आग्रह किया। सांसद सेठ ने रांची से हावड़ा जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस पर भी चर्चा की। इस चर्चा के दौरान केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि एक्सप्रेस ट्रेन को लेकर सारी तैयारियां हो चुकी हैं। जल्द ही इसका परिचालन भी शुरु हो जायेगा। अक्टूबर तक वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन रांची से हावड़ा जाने वाली पटरियों में दौड़ेंगी।
रांची से वाराणसी के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस के परिचालन का किया आग्रह
सांसद संजय सेठ ने रांची और वाराणसी के बीच भी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि झारखंड से हर रोज हजारों की तादाद में लोग वाराणसी का रुख करते हैं, मगर रांची से वाराणसी के बीच ट्रेन का सीधा परिचालन नहीं होने के कारण कई बार लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने रेल मंत्री से कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस के परिचालन के कारण रांची और वाराणसी के संबंधों में भी मजबूती आयेगी।
इसके साथ ही सांसद ने बीते 10 सालों से चलने वाली साप्ताहिक और विभिन्न ट्रेनों के भाड़ों को बढ़ाए जाने का भी आग्रह किया। संजय सेठ ने केंद्रीय रेल मंत्री को जानकारी देते हुए कहा कि ऐसी कई ट्रेनें हैं, जो रांची से चेन्नई, बेंगलुरु, एर्नाकुलम, वेल्लोर, पुणे, मुंबई जैसे शहरों के लिये रवाना होती हैं। मगर इन ट्रेनों के परिचालन को 10 साल से अधिक समय से हो गया है, और इन 10 वर्षों में आबादी के साथ साथ लोगों की यात्राएं भी बढ़ी है। ऐसे में इन ट्रेनों के भाड़ों को भी बढ़ाया जाना जरुरी है, ताकि लोगों की यात्रा और सुगम हो सके। इन्हीं ट्रेनों के जरिये लोग रोजी रोजगार, उपचार, शिक्षा जैसे आवश्यक कार्यों के लिए महानगर का रुख करते हैं।
किन ट्रेनों के भाड़ों को बढ़ाने के लिये सांसद ने किया केंद्रीय रेल मंत्री को आग्रह?
सांसद ने जिन ट्रेनों के भाड़े को बढ़ाने का आग्रह किया है, उनमें-
- हटिया रेलवे स्टेशन से हटिया बेंगलुरु के लिए 12835/ 12836 और 18637/18638,
- हटिया से मुंबई लोकमान्य तिलक टर्मिनल के लिए 12812/12811,
- रांची से मुंबई लोकमान्य तिलक टर्मिनल के लिए 18609/18610,
- हटिया से पुणे के लिए 22846/22845,
- धरती आबा एक्सप्रेस 22837/22838 शामिल हैं।