L19 DESK : रांची सहित पूरे झारखंड में 7 जुलाई से मानसून पूरी तरह फैल जायेगा। रांची सहित राज्य के कई हिस्सों में काले बादल छाए रहेंगे। इस दौरान झारखंड में कहीं-कहीं भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिणी झारखंड में 7 और 8 जुलाई को भारी वर्षा हो सकती है। बारिश होने की वजह से राज्य के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट आयी है। राज्य के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर अच्छी बारिश हुई है। कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम स्तर की बारिश हुई है।
सबसे अधिक बारिश देवघर के घोरमाड़ा में दर्ज की गयी है जहां 85.2 मिमी हुई। इसके अलावा सिमडेगा, दुमका, लातेहार, पाकुड़, हजारीबाग, गोड्डा सहित कई जिलों में बारिश दर्ज की गयी है। रांची में अगले दो दिन भी बारिश की संभावना जाहिर की गयी है। बारिश के बाद ठंडी हवा चलने से लोगों को उमस की गर्मी से राहत मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में अगले दो दिन बारिश होने का अनुमान लगाया गया है। मौसम विभाग के अनुसार सात और आठ जुलाई को राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।