L19 DESK : झारखंड सरकार खाली पड़े बोर्ड-निगम पर राजनीतिक नेताओं औऱ कार्यकर्ताओं को एडजस्ट करने में अब सक्रियता दिखा रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार बोर्ड- निगम का गठन तेजी से कर रहे हैं । अब तक हुए बोर्ड निगम के गठन में कांग्रेस पार्टी को सबसे अधिक तवज्जो दी गयी है। अब तक झारखंड राज्य आवास बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में कांग्रेस के संजय लाल पासवान, झारखंड राज्य युवा आयोग में कांग्रेस के प्रदेश महासचिव कुमार गौरव, हिंदू धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में कांग्रेस नेता जयशंकर पाठक, झारखंड राज्य गो सेवा आयोग के अध्यक्ष के रूप में पार्टी के प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद, जैक बोर्ड के सदस्य के रूप में कांग्रेस के विनोद सिंह को नामित किया गया है।
झारखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष के रूप में झामुमो की काजल यादव को जगह मिली है। सरकार के दो दर्जन से अधिक बोर्ड निगम में अभी तक झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग, पिछड़ा आयोग, झारखंड राज्य महिला आयोग, खादी बोर्ड, झारखंड राज्य मानवाधिकार आयोग समेत झारखंड राज्य सूचना आयोग, लोकायुक्त, विश्वविद्यालय आयोग, श्रमिक कल्याण कर्मकार बोर्ड, मिट्टी कला बोर्ड समेत अन्य में किसी की नियुक्ति नहीं हुई है।