L19/Ranchi : राज्य के तेज तर्रार अंचल अधिकारी विनोद प्रजापति (वर्तमान में नामकुम अंचल के हैं सीओ) पर इटखोरी थाने में सरकारी जमीन की गलत जमाबंदी करने के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। अंचल अधिकारी राम विनय शर्मा ने तत्कालीन सीओ विनोद प्रजापति, तत्कालीन अंचल निरीक्षक नित्यानंद प्रसाद और हल्का कर्मचारी गोविंद लाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। सभी लोगों के खिलाफ सरकारी दस्तावेज (पंजी टू) से छेड़छाड़ का आरोप है। साल 2016 में इटखोरी में पदस्थापित रहते हुए विनोद प्रजापति ने सरकारी जमीन का नेचर बदल कर घोटाले को अंजाम दिया था।
घटना को सही पाते हुए 21 जून को प्राथमिकी दर्ज कराने का आदेश दिया
जानकारी के मुताबिक सीओ रहते हुए बिनोद प्रजापति ने वर्ष 2016 में खाता संख्या 148 के प्लाट नंबर 1063 की गलत जमाबंदी कर दी थी। सरकारी नेचर की कुल 1.26 एकड़ जमीन को रैयती बताते हुए लिलो कुंवरी, पति परमेश्वर दयाल के नाम से पंजी-2 में नयी जमाबंदी खोल दी गयी थी। इसमें इटखोरी अंचल के तत्कालीन सीआई नित्यानंद प्रसाद और हल्का कर्मचारी गोविंद लाल भी शामिल थे। इन अधिकारियों ने सरकारी जमीन का स्वरूप बदलकर उसे रैयती बताकर जमीन घोटाला किया। मामले की जांच वर्ष 2022 में पूरी हुई। चतरा डीसी ने घटना को सही पाते हुए 21 जून को प्राथमिकी दर्ज कराने का आदेश दिया।