L19/East Singhbhum : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के बर्मामाइंस थाना अंतर्गत सिदो-कान्हो बस्ती के रहने वाले एक किन्नर के घर में घुसकर दुष्कर्म करने का प्रयास करने का मामला आया। सूचना मिलते ही दर्जनों की संख्या में किन्नरों ने सोमवार की दोपहर बर्मामाइंस थाने में पहुँच कर आरोपी पर कार्रवाई करने के लिए जमकर हंगामा किया। किन्नरों ने बताया कि पीड़िता किराये के मकान में रहती है। सोमवार की सुबह अचानक से ईदु नामक व्यक्ति अपने कुछ साथियों के साथ उसके कमरे में घुस गए। आरोपित पहले रंगदारी के रूप में रुपये मांगे, पैसे नहीं देने पर उसकी पिटाई करने लगे।
यही नहीं जबरन दुष्कर्म करने का भी प्रयास किया। घटना की जानकारी मिलते ही किन्नर समाज एकजुट हो गए। इसके बाद किन्नर समाज के लोगों ने पहले तो अपने बस्ती में बैठक कर रणनीति बनाया। इसके बाद सभी बर्मामाइंस थाने पर पहुंच गए। थाने में आराेपित ईदु और उसके साथियों पर कार्रवाई करने के लिए हंगामा करने लगे। जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी मौके पर पहुंच गए और किन्नरों से लिखित आवेदन लिया और आश्वासन दिया कि आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद ही किन्नर समाज के लोग थाने से वापस आ गए।