L19/Ranchi : गदर-2 की प्रमोशन के बीच फिल्म की लीड अभिनेत्री अमीषा पटेल को लेकर एक सनसनीखेज खबर आयी है। दरअसल, शनिवार को अमीषा पटेल ने 2017 के मामले को लेकर रांची सिविल कोर्ट में सरेंडर किया है। इसके बाद कोर्ट ने उन्हें 21 जून की तारीख दी है, जहां उन्हें सशरीर उपस्थित होने का आदेश दिया गया है।
क्या था मामला?
दरअसल, साल 2017 में बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल ने रांची के हरमू हाउसिंग कॉलोनी में एक कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उनकी मुलाकात अजय कुमार सिंह नाम के व्यक्ति से हुई। अभिनेत्री ने अजय को फिल्मों में पैसे लगाने का ऑफर दिया। जिसको स्वीकार कर अजय ने फिल्म देसी मैजिक बनाने के नाम पर अभिनेत्री के खाते में 2.5 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिये। मगर फिल्म नहीं बनी जिसके बाद अजय ने पैसे वापस मांगे। अमीषा पटेल ने चेक साइन कर के भेजा मगर वह बाउंस हो गया था। पैसा वापस नहीं होने के बाद अजय कुमार सिंह ने निचली अदालत में अमीषा पटेल के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करायी।
अब जाकर अभिनेत्री ने रांची सिविल कोर्ट के सिविल जज सीनियर डिविजन डीएन शुक्ला के समक्ष सरेंडर किया। कोर्ट ने उन्हें 10 हजार के 2 बेल बॉन्ड पर जमानत दे दी है। इससे पहले अप्रैल में सुनवाई के दौरान कोर्ट ने उन्हें समन जारी कर पेश होने को कहा था, मगर तब वह हाजिर नहीं हुई। बाद में कोर्ट ने उनके खिलाफ वारंट जारी किया।