L19/Palamu : पलामू के छतरपुर थाना क्षेत्र से गरीब व दलित लड़कियों की शादी कर राजस्थान के कुछ इलाकों में भेजे जाने की खबर आ रही है। बताया जा रहा है कि इन लड़कियों की शादी कराने में कुछ महिला दलाल सक्रिय हैं। ये महिला दलाल पैसे का लालच देकर इन भोली भाली लड़कियों को अपना शिकार बनाती हैं, इसके बाद इनके माता को राजी करने के बाद राजस्थान के लोगों से शादी करवाकर उनके साथ भेज देती हैं।
हाल ही में छतरपुर इलाके की कुछ लड़कियों की राजस्थान के युवकों, अधेड़ों और वृद्धों से शादी करायी गयी है। और तो और इन ब्याही गयी लड़कियों के माता-पिता को दूल्हे के बारे में कोई खास जानकारी भी नहीं है। लड़की वालों ने न कभी उनका घर-बार देखा, न जाति धर्म गोत्र और उम्र के बारे में जानकारी ली। इसी से संंबंधित एक मामला गुरवार को छतरपुर थाना पहुंचा, जहां महिलाओं ने एक महिला व उसके पति को पकड़कर छतरपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। महिलाओं द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला दलाली कर लड़कियों को पैसे का लालच देकर सटांप पेपर पर शादी कराकर अनजान जगहों पर भेज रही है। छतरपुर थाना क्षेत्र के इटकदाग निवासी रामअवतार भुइंया की पुत्री बिंदी कुमारी व चराई गांव निवासी शिवनारायण भुइंया की पुत्री बबीता कुमारी की शादी अजनबी से कर दी गयी है।
आरोप के अनुसार, पिपरा थाना क्षेत्र की सुनीता देवी लालच देकर ग्रामीण क्षेत्र की लड़कियों की शादी राजस्थान के अनजान व्यक्तियों के साथ करा रही है। हाल के दिनों में महिला के झांसे में आकर रामअवतार भुइंया व शिवनारायण भुइंया ने 500 रुपये के स्टांप पेपर पर नोटरी पब्लिक से एफिडेविट करा अपनी बेटियों की शादी अनजान लड़कों के साथ करा दी है। इस दौरान लड़कियों के स्वजन को उपहारस्वरूप कुछ रुपये भी मिले। ग्रामीणों को इस बात की जानकारी हुई तो इटकदाग गांव में अपने एक रिश्तेदार घर आयी और सुनीता देवी को पकड़कर छतरपुर थाना ले आये। सुनीता ने स्वीकार किया कि प्रति शादी उसे कुछ रुपये मिलते हैं। छतरपुर थाना प्रभारी शेखर कुमार ने बताया कि अभी तक किसी प्रकार की कोई लिखित शिकायत नहीं मिली हैं।