L19 DESK : देश के केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी के नेतृत्व में भारतीय सांसदों का मैत्रीय समूह ब्राजील के बाद उरूग्वे पहुंचा। उरूग्वे की राजधानी मोंटेवीडियो में भारत के राजदूत दिनेश भाटिया, शहर के मेयर मौरिसियो जूनिनो व प्रवासी भारतीयों ने मैत्रीय समूह का स्वागत किया। इस दल में रांची के सांसद संजय सेठ भी शामिल हैं। सांसद संजय सेठ ने बताया कि दोनों देशों के राजनैतिक, सामाजिक, आर्थिक सहित कई महत्वपूर्ण विषय पर विमर्श हुआ। भारत में मोदी सरकार के द्वारा संचालित योजनाओं और नीतियों का गहरा सकारात्मक प्रभाव यहां के मंत्री परिषद समूह पर भी देखने को मिला। द्विपक्षीय संवाद के इस कार्यक्रम ने टीम को कई अनुभव दिए।
सांसद ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीति उनके आचार व्यवहार का असर इस भ्रमण में देखने को मिला। दुनिया में भारत का मान बढ़ रहा है। इसका प्रत्यक्ष अनुभव हमें ब्राजील के बाद उरूग्वे की यात्रा में हुआ। पहले दिन सदस्यों ने उरुग्वे के संसद भवन का भी भ्रमण किया। यहां संसद के अध्यक्ष सेबेस्टियन एंदुजर से लोकतांत्रिक विषयों पर विचार विमर्श किया गया। इसके बाद संसदीय दल ने उरूग्वे की उपराष्ट्रपति बीट्रिज आर्गिमोन से मुलाकात कर उन्हें इंडिया गेट का प्रतीक चिन्ह भेंट किया। इस मुलाकात में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के नागरिकों और समाज से संबंधित जानकारियों को साझा किया।