L19/Bokaro : जिले के नावाडीह प्रखंड के मनरेगा BPO आशीष रंजन, JE विश्वनाथ महतो, रोजगार सेवक रामेश्वर महतो, मुखिया संघ के प्रखंड अध्यक्ष विश्वनाथ महतो और खरपिटो मुखिया नंदलाल नायक गुरुवार को सुरही, खरपीटो व पोटसो पंचायत में डोभा, कूप, दीदी बाड़ी और खेल मैदान निर्माण योजनाओं का निरीक्षण किया। भीषम गर्मी को देखते हुए पंचायत प्रतिनिधियों ने काम कर रहे मजदूरों को गुड़ और पानी पिलाया गया।
नावाडीह प्रखंड में मनरेगा से 330 कूप, 620 डोभा, 1185 दीदी बाड़ी व खेल मैदान का कार्य हो रहा है। इसमें लगभग चार हजार मजदूर कार्य कर रहे हैं। बिरसा हरित कांति योजना के तहत बन रहे कूपों का काम बरसात से पूर्व 30 जून तक पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है। प्रखंड के सभी रोजगार सेवकों व मुखियाओं को हिदायत दी गयी है कि मनरेगा योजना में जेसीबी का उपयोग किया गया तो वाहन मालिक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी जायेगी और योजना में दी गयी राशि की वसूली मुखिया व पंचायत सचिव से की जायेगी।
खरपिटो में डोभा निर्माण में लगे मजदूरों ने अधिकारियों को बताया कि हमलोग गर्मी के कारण सुबह सात बजे से 11 बजे तक और दोपहर में तीन से शाम छह बजे तक काम करते हैं। योजना में जेसीबी मशीन का उपयोग नहीं किया गया है। 15 दिनों में बैंक के माध्यम से मजदूरी का भुगतान हो जाता है। BPO ने बताया कि कुछ लोगों ने मनरेगा योजनाओं में जेसीबी मशीन से काम किये जाने को लेकर सोशल मीडिया में दुष्प्रचार किया था। निरीक्षण में यह बात गलत साबित हुई। मौके पर राजीव रंजन, कमाल अख्तर, मुखिया उमेश महतो, पंसस पति महतो, नरेश गुप्ता, अविनाश कुमार, शैलेंद्र गुप्ता, विजय पंडित, नीलकंठ नायक आदि मौजूद थे।