L19 DESK : इस साल मानसून झारखंड में देरी से दस्तक देगा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि केरल में बंगाल की खाड़ी से मानसून का प्रवेश 4 जून के आसपास होगा। झारखंड में इसका आंशिक असर होने की संभावना है। सामान्य तौर पर राज्य में मानसून (14-15) जून के तक प्रवेश करता है लेकिन इस बार 6 दिन की देरी से 20 जून को दस्तक देगा। हालांकि यदि सामान्य रुख में ज्यादा बदलाव हुआ तो थोड़ी और देरी हो सकती है।
5 फीसदी कम बारिश होने की संभावना
मानसून में देरी ही केवल चिंताजनक बात नहीं है, समस्या यह भी है कि मौसम विभाग ने पहले ही प्रदेश में औसत से 5 फीसदी कम बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। बता दें कि बंगाल की खाड़ी की ओर से केरल के रास्ते भारत में प्रवेश करने वाला मानसून झारखंड में मध्य जून को दस्तक देता है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी इसमें अहम भूमिका निभाते हैं। मौसम विभाग का मानना है कि आमतौर पर झारखंड में 1-22 मिमी बारिश होती रही है लेकिन इस बार सामान्य से 5 फीसदी कम बारिश होने की संभावना है।
केरल में मानसून 1 जून को करेगा प्रवेश
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि आमतौर पर केरल में मानसून 1 जून तक प्रवेश करता है। हालांकि, मौसमी रुख की वजह से कभी इसमें 1 सप्ताह की देरी या जल्दी होने की संभावना रहती है। हालांकि, पूरे देश की बात की जाए तो आईएमडी ने सामान्य बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। यदि बारिश होती है तो खाद्यान्न का उत्पादन अच्छा रहेगा।