कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले में इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और कोडरमा पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाते हुए सोशल मीडिया पर कथित रूप से भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने के आरोप में पांच युवकों को हिरासत में लिया है. यह कार्रवाई जिले के सतगांवां थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार सुबह की गई.

सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय खुफिया एजेंसी को सूचना मिली थी कि कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स के माध्यम से आपत्तिजनक ऑडियो और अन्य भड़काऊ सामग्री साझा की जा रही है, जिससे युवाओं को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही थी. प्रारंभिक जांच में मिले इनपुट के आधार पर इंटेलिजेंस ब्यूरो ने स्थानीय पुलिस से समन्वय किया, जिसके बाद संयुक्त टीम ने छापेमारी की.
कार्रवाई के दौरान पांच युवकों को हिरासत में लिया गया. साथ ही जांच के लिए कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री भी जब्त की गई है. सुरक्षा एजेंसियां अब जब्त किए गए डिजिटल उपकरणों की जांच कर रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि कथित आपत्तिजनक सामग्री का स्रोत क्या था और उसका नेटवर्क कितना व्यापक है.
फिलहाल सभी हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ जारी है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़े : हैदराबाद की फैक्ट्रियों में झारखंड की बेटियां: चॉकलेट मीठी, लेकिन जिंदगी कड़वी
