RANCHI / GODDA : गोड्डा पुलिस ने चोरी की तीन अलग-अलग घटनाओं का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके कब्जे से सोना-चांदी के जेवरात, बैटरी, इन्वर्टर, एलईडी टीवी, इलेक्ट्रॉनिक सामान, बाइक, टोटो और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए हैं. मुफस्सिल थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीएसपी JPN चौधरी ने मामले की जानकारी दी. पुलिस के मुताबिक, पिछले करीब एक महीने में माल डुमरिया, हरना मोड़ स्थित पूर्व ग्राम-मालिनी हाई स्कूल समेत अन्य जगहों पर चोरी की घटनाएं हुई थीं. इन मामलों में कांड संख्या 136/2026, 143/2026 और 148/2026 दर्ज किए गए थे.

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम को गुप्त सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध युवक हंसडीहा-महागामा मुख्य मार्ग पर दियारा के पास ओवरब्रिज के नीचे मौजूद हैं. सूचना के आधार पर पुलिस ने वहां छापेमारी की. इस दौरान तीन संदिग्ध युवकों में से रौशन कुमार साह को पुलिस ने पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर बाइक से फरार हो गए. पुलिस पूछताछ में रौशन ने अपने साथियों के साथ मिलकर स्कूल और अन्य स्थानों पर चोरी करने की बात स्वीकार की. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सुमित कुमार, छोटू कुमार यादव और पप्पू वर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया.
जेवरात और इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 18 ग्राम का गला हुआ सोना जैसा टुकड़ा, करीब 225 ग्राम का चांदी जैसा ढेला, पायल और नथनी समेत अन्य सामान बरामद किया है. इसके अलावा दो बैटरी, सोनी कंपनी का LCD टीवी, इन्वर्टर, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान भी बरामद किए गए हैं.
चोरी के औजार और वाहन भी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से स्प्लेंडर बाइक और बिना नंबर का टोटो भी जब्त किया है. चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले सब्बल, हथौड़ा, छेनी और कील समेत अन्य औजार भी पुलिस ने बरामद किए हैं. पुलिस के अनुसार, गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं से जुड़े सुराग भी सामने आ सकते हैं.
