GUMLA : झारखंड के गुमला में पलमा-गुमला फोरलेन सड़क निर्माण स्थल पर गोलीबारी की घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक कथित प्रेस रिलीज सामने आई है. इसमें आजाद सरकार नाम से पोस्ट करने वाले व्यक्ति ने घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है. पोस्ट में राहुल सिंह गैंग का भी उल्लेख किया गया है और निर्माण कार्य से जुड़े लोगों को चेतावनी दी गई है.
दरअसल, 24 अक्टूबर 2026 को जारी इस पोस्ट के अनुसार, शाम करीब 7 बजे गुमला पॉलिटेक्निक के सामने खटवा नदी के पास फोरलेन निर्माण कार्य के दौरान गोलीबारी हुई. पोस्ट में आजाद सरकार ने इस घटना की जिम्मेदारी लेने की बात कही है. पोस्ट में संबंधित लोगों को कामकाज को लेकर चेतावनी देते हुए गंभीर अंजाम भुगतने की बात कही गई है. इसके साथ ही आजाद सरकार, मोहित यादव, प्रताप सिंह, राजपाल यादव और राहुल सिंह गैंग के नामों का उल्लेख किया गया है.
इसे भी पढ़ें : झारखंड में जल जीवन मिशन की रफ्तार धीमी, 44.57% ग्रामीण घर अब भी नल के पानी से दूर

पोस्ट की प्रामाणिकता की पुष्टि जरूरी
सोशल मीडिया पर किए गए दावे और पोस्ट में नामों के उल्लेख की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. घटना के कारणों, आरोपियों की पहचान और गोलीबारी के संबंध में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
