RANCHI : झारखंड की राजधानी रांची में शनिवार, 24 अक्टूबर को भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक शुरू हुई. बैठक के दौरान उस समय असहज स्थिति बन गई, जब हॉल के अंदर मीडिया के प्रवेश पर रोक लगा दी गई. अंदर जाने की कोशिश को लेकर कुछ पत्रकारों और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक हुई. हालांकि, विवाद ज्यादा नहीं बढ़ा और स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई.
मीडिया के प्रवेश पर रोक से बनी असहज स्थिति
जानकारी के मुताबिक, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दौरान हॉल के अंदर मीडिया के प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई थी. इस दौरान कुछ पत्रकारों ने अंदर जाने की कोशिश की, जिसके बाद मौके पर मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं और पत्रकारों के बीच बहस शुरू हो गई. मीडिया प्रवेश को लेकर कुछ देर तक असहज माहौल बना रहा.
तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष
भाजपा की इस महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तीन दिवसीय झारखंड प्रवास पर रांची पहुंचे हैं. प्रदेश कार्यसमिति की यह बैठक दो दिनों तक चलेगी, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के शामिल होने की जानकारी है.
संगठन की मजबूती और आगामी रणनीति पर मंथन
बैठक में झारखंड की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की गतिविधियों और पार्टी की आगामी रणनीति पर चर्चा की जा रही है. इसके अलावा, संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने, पार्टी की गतिविधियों की समीक्षा करने और आने वाले राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने पर भी मंथन होना है. भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की इस बैठक को राज्य में पार्टी की संगठनात्मक तैयारियों और भविष्य की राजनीतिक दिशा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
