BADKAGAON/RANCHI : अपराधी गिरोहों के खिलाफ लगातार कार्रवाई और त्वरित पुलिसिंग को लेकर बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह को सम्मानित किया गया है. डीआईजी अंजनी कुमार झा और हजारीबाग एसपी अमन कुमार के नेतृत्व में उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. बताया गया कि थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह को यह सम्मान राहुल दुबे और प्रिंस खान गिरोह के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने, आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने और गिरोह से जुड़े सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेजने के लिए दिया गया है.
हाईवा पर फायरिंग के बाद पुलिस का एक्शन
दरअसल, बड़कागांव थाना क्षेत्र में एनटीपीसी पकरी बरवाडीह कोल माइंस की ट्रांसपोर्टिंग सड़क पर अपराधियों ने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था. 13 माइल के पास बुढ़ना घाटी में ट्रांसपोर्टिंग कर रहे एक हाईवा को निशाना बनाते हुए 7 से 8 राउंड गोली चलाने की बात सामने आई थी. घटना के बाद मौके पर एक पर्चा भी छोड़ा गया था. इस घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच और कार्रवाई तेज की.
पुलिस की कार्रवाई में गिरोह से जुड़े आरोपियों की गिरफ्तारी कर उन्हें जेल भेजा गया. इसी कार्रवाई और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी तरीके से अभियान चलाने को लेकर बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. पुलिस अधिकारियों ने उनकी त्वरित कार्रवाई और अपराध नियंत्रण के प्रयासों की सराहना की.
