RANCHI : राजधानी के कई प्रमुख इलाकों में 13 सितंबर को पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहेगी. पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के स्वर्णरेखा शीर्षकार्य प्रमंडल के तहत रांची शहरी जलापूर्ति योजना की हटिया राइजिंग पाइपलाइन में आवश्यक मरम्मत कार्य किया जाना है. इसके चलते रुक्का जलशोध संस्थान से इस पाइपलाइन के माध्यम से होने वाली जलापूर्ति को अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा. विभाग के अनुसार, 13 सितंबर की सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक करीब 12 घंटे जलापूर्ति बंद रहेगी. मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद ही संबंधित क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति सामान्य रूप से बहाल की जा सकेगी.
इन इलाकों में सबसे ज्यादा असर
जलापूर्ति बंद रहने का असर रांची के कई घनी आबादी वाले और महत्वपूर्ण इलाकों में देखने को मिलेगा. इनमें कांटाटोली, सिरमटोली, चर्च रोड, डोरंडा, अशोकनगर, मेकॉन सहित आसपास के क्षेत्र शामिल हैं. इन इलाकों के लोगों को 13 सितंबर को पानी की कमी का सामना करना पड़ सकता है.
करीब दो लाख लोग होंगे प्रभावित
विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, इस शटडाउन के कारण करीब दो लाख की आबादी प्रभावित होने की संभावना है. इसे देखते हुए विभाग ने संबंधित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे जलापूर्ति बंद होने से पहले अपनी जरूरत के अनुसार पर्याप्त पानी का भंडारण कर लें. पेयजल एवं स्वच्छता विभाग का कहना है कि मरम्मत कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि जलापूर्ति जल्द से जल्द दोबारा शुरू की जा सके. विभाग ने अस्थायी असुविधा के लिए उपभोक्ताओं से खेद भी जताया है.
