RANCHI : झारखंड में मॉनसून का असर अभी भी बना हुआ है. राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में शनिवार सुबह से बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने 12 से 17 सितंबर के बीच राज्य के किसी भी जिले के लिए कोई खास चेतावनी जारी नहीं की है. हालांकि, इस दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघ गर्जन की संभावना जताई गई है.
आज कैसा रहेगा झारखंड का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान बादलों से घिरा रहेगा. कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान कई इलाकों में मेघ गर्जन भी होने की संभावना है. राजधानी रांची में दिनभर बादल छाए रहने का अनुमान है. शहर में एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. रांची का अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.
बारिश के बीच बढ़ेगी गर्मी और उमस
मौसम केंद्र के अनुसार, 12 सितंबर के बाद अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. ऐसे में बारिश का दौर बने रहने के बावजूद लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ सकता है.
13 सितंबर को भी बारिश की संभावना
13 सितंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघ गर्जन की संभावना है. रांची में भी बारिश हो सकती है. इस दिन राजधानी का अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
14 और 15 सितंबर को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने 14 और 15 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. रांची में इन दोनों दिनों के दौरान भी आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. इस दौरान राजधानी का अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मॉनसून की गतिविधियां बनी रह सकती हैं. राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन देखने को मिल सकता है. हालांकि, 12 सितंबर के बाद तापमान में बढ़ोतरी के कारण बारिश के साथ उमस और गर्मी का असर भी बढ़ने की संभावना है.
