RANCHI : झारखंड बीजेपी ने संगठन को और मजबूत करने के लिए अपने अलग-अलग मोर्चों की कमान छह नेताओं को सौंपी है. पार्टी ने ओबीसी, किसान, अनुसूचित जनजाति, महिला, अनुसूचित जाति और अल्पसंख्यक मोर्चे के लिए नए प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा की है. इन छह चेहरों में मनोज बाजपेयी महतो, अर्जुन सिंह, सन्नी टोप्पो, डॉ. सीमा सिंह, रंजय भारती और मो. ताजदार आलम शामिल हैं.
पार्टी की ओर से किए गए इस संगठनात्मक फेरबदल को आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है. बीजेपी ने अलग-अलग सामाजिक वर्गों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने और संगठन को जमीनी स्तर तक सक्रिय करने के लिए सक्रिय नेताओं को जिम्मेदारी दी है.
ओबीसी मोर्चा की कमान मनोज बाजपेयी महतो को
बुढ़मू पूर्वी क्षेत्र के जिला परिषद सदस्य मनोज बाजपेयी महतो को बीजेपी झारखंड प्रदेश ने ओबीसी मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया है. उनके मनोनयन के बाद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है.

केंद्रीय मंत्री संजय सेठ, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व विधायक समरी लाल समेत स्वामी देवेंद्र प्रकाश, संजय पटेल, झीबरा मुंडा, उत्पल शाहदेव और अमृत महतो ने मनोज बाजपेयी महतो को बधाई देते हुए उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दी हैं.
मनोज बाजपेयी महतो के सामने अब ओबीसी समाज के बीच संगठन को मजबूत करने और पार्टी की गतिविधियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने की बड़ी जिम्मेदारी होगी.
इसे भी पढ़े : गोड्डा पुलिस का बड़ा एक्शन: तीन चोरी कांडों का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार
किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बने अर्जुन सिंह
किसान मोर्चा की जिम्मेदारी बोकारो के जैनामोड़ निवासी अर्जुन सिंह को सौंपी गई है.पार्टी आलाकमान ने उन्हें बीजेपी किसान मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया है.अर्जुन सिंह इससे पहले किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे.पार्टी से जुड़े लोगों के मुताबिक, उनका संगठनात्मक अनुभव काफी पुराना है. वे श्री सिंह बाल्यकाल से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े रहे और संगठन में जिला कार्यवाह से लेकर विभाग कार्यवाह तक की जिम्मेदारी निभा चुके हैं.

साल 2020 में उन्होंने बीजेपी में प्रवेश किया था. इसके बाद वर्ष 2021 में उन्हें किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी मिली. अब प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उनके सामने किसानों के मुद्दों को लेकर संगठन को सक्रिय करने की चुनौती होगी.
इसे भी पढ़े : JSSC CGL गड़बड़ी मामले में CID की बड़ी कार्रवाई, 20 से अधिक अभ्यर्थियों को पास कराने के आरोपी कुंदन गिरफ्तार
कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आए सन्नी टोप्पो को एसटी मोर्चे की कमान
अनुसूचित जनजाति (एसटी) मोर्चा की कमान सन्नी टोप्पो को दी गई है. सन्नी टोप्पो कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे.उन्होंने जनवरी 2023 में बीजेपी का दामन थामा था.

2024 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने उन्हें मांडर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था.चुनाव में उन्होंने कांग्रेस की शिल्पी नेहा तिर्की को कड़ी चुनौती दी, हालांकि उन्हें जीत नहीं मिली। शिल्पी नेहा तिर्की ने सन्नी टोप्पो को 22,803 वोटों के अंतर से हराया था.
अब बीजेपी ने उन्हें एसटी मोर्चे का प्रदेश अध्यक्ष बनाकर संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है.झारखंड की राजनीति में आदिवासी मतदाताओं की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए सन्नी टोप्पो की जिम्मेदारी काफी अहम मानी जा रही है.
महिला मोर्चा की कमान डॉ. सीमा सिंह को
बीजेपी ने महिला मोर्चा की जिम्मेदारी डॉ. सीमा सिंह को सौंपी है. डॉ. सीमा सिंह इससे पहले भी संगठन में सक्रिय भूमिका निभा चुकी हैं.वह बीजेपी महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं.

पार्टी के महिला केंद्रित कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी रही है. अब प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर उन्हें राज्य में महिला मोर्चे को मजबूत करने और महिला कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने की जिम्मेदारी मिलेगी.
इसे भी पढ़े : पेट्रोल पंप में 49% हिस्सेदारी का झांसा देकर रिटायर्ड CCL डॉक्टर से 2.08 करोड़ की ठगी का आरोप
रंजय भारती को अनुसूचित जाति मोर्चे की जिम्मेदारी
अनुसूचित जाति (एससी) मोर्चा की कमान रंजय भारती को सौंपी गई है. रंजय भारती चतरा इलाके में बीजेपी संगठन से जुड़े रहे हैं और स्थानीय स्तर पर पार्टी की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं.

प्रदेश अध्यक्ष के रूप में अब उनके सामने अनुसूचित जाति समाज के बीच पार्टी के संगठनात्मक आधार को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की चुनौती होगी.
मो. ताजदार आलम बने अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष
वहीं अल्पसंख्यक मोर्चा की जिम्मेदारी मो. ताजदार आलम को दी गई है. ताजदार आलम इससे पहले भी बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा में संगठनात्मक जिम्मेदारी निभा चुके हैं.

पार्टी ने उनके संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है.अब उनके सामने अल्पसंख्यक समाज के बीच बीजेपी के संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने की चुनौती होगी.
छह नए चेहरों के जरिए संगठन को मजबूत करने की कोशिश
झारखंड बीजेपी ने ओबीसी, किसान, एसटी, महिला, एससी और अल्पसंख्यक मोर्चे की कमान इन छह नेताओं को सौंपकर संगठन में नई ऊर्जा लाने की कोशिश की है.इनमें कुछ नेताओं को संगठन में काम करने का लंबा अनुभव है, जबकि कुछ चेहरों ने हाल के वर्षों में पार्टी में अपनी सक्रियता बढ़ाई है.
अब निगाहें इस बात पर होंगी कि मनोज बाजपेयी महतो, अर्जुन सिंह, सन्नी टोप्पो, डॉ. सीमा सिंह, रंजय भारती और मो. ताजदार आलम अपने-अपने मोर्चों को किस तरह मजबूत करते हैं और झारखंड में बीजेपी के संगठन को जमीनी स्तर पर कितनी नई धार दे पाते हैं.
इसे भी पढ़े : झारखंड भाजपा में नए संगठन प्रभारी की तलाश तेज, सुनील बंसल-हरीश द्विवेदी के नाम चर्चा मे
