RANCHI : झारखंड में मानसून की सक्रियता लगातार बनी हुई है. शुक्रवार, 4 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज राज्य के 16 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कई स्थानों पर गरज के साथ वज्रपात की गतिविधियां भी देखने को मिल सकती हैं.
IMD के अनुसार 4 से 10 सितंबर के बीच झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है. वहीं 3 से 8 सितंबर के दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है. आज देवघर, पूर्वी सिंहभूम, बोकारो, रांची, रामगढ़, खूंटी, चतरा, पलामू, दुमका, सिमडेगा, हजारीबाग, धनबाद, गिरिडीह, गुमला, पश्चिमी सिंहभूम और लातेहार में बारिश की संभावना है. हालांकि मौसम विभाग के अनुसार अलर्ट वाले जिलों की संख्या बढ़ भी सकती है.

कई इलाकों में सुहावना रहेगा मौसम
बारिश और बादलों के कारण राज्य के कई जिलों में तापमान नियंत्रित रहने की उम्मीद है. रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, हजारीबाग, रामगढ़ और बोकारो जैसे पठारी क्षेत्रों में ठंडी हवा और हल्की बारिश के कारण मौसम सुहावना रह सकता है. 3 सितंबर की सुबह तक राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. पूर्वी सिंहभूम, गिरिडीह और लातेहार में भारी बारिश हुई. डुमरिया में 217 मिमी, डुमरी में 162.2 मिमी और महुआडांड़ में 146.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई.
इसे भी पढ़ें : गोड्डा में वोटर लिस्ट को लेकर घमासान, फॉर्म -7 के जरिए नाम हटाने का आरोप
4 सितंबर को कई इलाकों में बारिश और गरज-वज्रपात, 5 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश, 6 सितंबर को छिटपुट बारिश, 7 सितंबर को कहीं-कहीं बारिश की संभावना है. 8 सितंबर को मौसम फिर सक्रिय हो सकता है और भारी बारिश हो सकती है. 9 सितंबर को भी बारिश या बादल छाए रहने के संकेत हैं. बारिश के दौरान लोगों को खुले मैदान, पेड़ के नीचे, बिजली के खंभों और जलभराव वाले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है.
