RANCHI : झारखंड की राजधानी रांची में मंगलवार को दिनभर रुक-रुक कर हुई बारिश ने शहर की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी.लगातार बारिश के कारण शहर की कई प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गयीं. कई जगह सड़क और नाली का अंतर तक खत्म हो गया. नालियों का गंदा और काला पानी सड़कों पर बहता नजर आया। जलजमाव के कारण कई इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ, जबकि निचले इलाकों में पानी घरों में घुस गया. लोग दिनभर घरों से पानी निकालने में जुटे रहे.
सबसे खराब स्थिति बांधगाड़ी दीपाटोली रोड नंबर पांच की रही. यहां करीब दो महीने से नाला निर्माण के लिए सड़क की खुदाई की गयी है. कई जगह पांच से सात फीट तक गहरे गड्ढे हैं. बारिश के बाद ये गड्ढे पानी में पूरी तरह डूब गये, जिससे राहगीरों के लिए खतरा और बढ़ गया.
बारिश में सड़क बनी हादसे का कारण
मंगलवार की बारिश के बाद कई इलाकों में सड़क और नाली का फर्क खत्म हो गया. पानी में डूबे गड्ढों का पता नहीं चल रहा था. इस दौरान महिलाएं, बच्चे और राहगीर फिसलकर गड्ढों में गिर गये. कई लोगों के घायल होने की भी सूचना है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य शुरू होने के बाद से ही इलाके में कीचड़ और फिसलन की समस्या बनी हुई है. खुले नालों और गड्ढों के आसपास पर्याप्त बैरिकेडिंग या चेतावनी बोर्ड भी नहीं लगाये गये हैं. ऐसे में बारिश के दौरान किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है.
इसे भी पढ़े : झारखंड में आज आसमानी तांडव! 12 जिलों में बारिश, वज्रपात का खौफ
रांची के इन इलाकों में रहा जलजमाव
स्वर्णरेखा घाट
नामकुम के स्वर्णरेखा घाट इलाके में इस साल पहली बार छोटे पुलिया के ऊपर से पानी बहने लगा. सुरक्षा को देखते हुए पुलिया से आवागमन बंद कर दिया गया और लोगों से बड़े पुल का इस्तेमाल करने की अपील की गयी. वहीं, लोअर चुटिया के कतारीबागान में भी नदी का पानी छोटे पुल को छूते हुए बहता रहा.
हरमू नदी उफान पर
लगातार बारिश के बाद हरमू नदी भी उफान पर नजर आयी. आम दिनों में नाले जैसी दिखने वाली हरमू नदी मंगलवार को तेज बहाव के साथ बहती रही. निवारणपुर के समीप नदी का पानी कई घरों में घुस गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
काली टावर के पास सड़क बनी तालाब
लालपुर स्थित काली टावर के समीप सड़क पर दो से तीन फीट तक नाली का काला पानी जमा हो गया. सड़क पूरी तरह तालाब में तब्दील हो गयी. जलजमाव के कारण कई दोपहिया वाहनों के साइलेंसर में पानी घुस गया और वाहन बीच सड़क पर ही बंद हो गये.
चडरी में तेज धार से बहा पानी
लाइन टैंक तालाब के समीप अधूरे नाली निर्माण के कारण सड़क पर पानी तेज धार के साथ बहता रहा. पानी का बहाव इतना तेज था कि दोपहिया वाहन चालकों को वहां से गुजरने में परेशानी हुई. कई लोग दुर्घटना के डर से रास्ता बदलते नजर आये.
जयपाल सिंह स्टेडियम के पास लगा जाम
जयपाल सिंह स्टेडियम के समीप सड़क पर भारी जलजमाव हो गया. सड़क तालाब में तब्दील होने के कारण यहां यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बन गयी. बिहार क्लब के पीछे की गली में भी दो से तीन फीट तक पानी जमा रहा.
हलधर प्रेस गली में घरों में घुसा पानी
कचहरी रोड स्थित हलधर प्रेस गली में बारिश का पानी कई घरों में घुस गया. लोग दिनभर घरों से पानी निकालते रहे, लेकिन जलस्तर कम होने के बजाय बढ़ता रहा. इसके अलावा गौस नगर, नेजाम नगर, अलबर्ट कंपाउंड, लोहराकोचा, इस्लाम नगर और आजाद बस्ती में भी कई घरों में पानी घुसने की जानकारी सामने आयी.
स्टेशन रोड पर डिवाइडर पर चढ़कर निकले लोग
रांची रेलवे स्टेशन के समीप सड़क का एक बड़ा हिस्सा पानी में डूब गया. जलजमाव के कारण लोगों को डिवाइडर पर चढ़कर आवागमन करना पड़ा. ओवरब्रिज के नीचे भी सड़क पर काला पानी जमा रहा, जिससे वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को परेशानी हुई.
नामकुम-अनगड़ा रोड पर भी जलजमाव

नामकुम के दुर्गा सोरेन चौक से अनगड़ा तक नयी फोरलेन सड़क और नाली का निर्माण किया गया है. हालांकि, स्थानीय स्तर पर नाली निर्माण में अनियमितता की शिकायतें भी सामने आती रही हैं. मंगलवार की बारिश के दौरान टाटीसिल्वे चौक पर पानी जमा हो गया और कई दुकानों व मकानों में पानी घुस गया.
जलजमाव से निबटने के लिए निगम ने उतारे 1200 सफाईकर्मी
रांची में लगातार हो रही बारिश के बीच जलजमाव की समस्या से निबटने के लिए रांची नगर निगम ने बड़े स्तर पर सफाई अभियान चलाया.निगम ने करीब 1200 सफाईकर्मियों को नालियों की सफाई के काम में लगाया.
दिनभर चले अभियान के दौरान शहर के 45 प्रमुख स्थानों पर स्लैब हटाकर नालियों की सफाई की गयी. जाम नालियों को खोलने के लिए निगम ने चार जेसीबी और दो सुपर सकर मशीन समेत अन्य संसाधनों को भी लगाया.
जलजमाव की शिकायत के लिए निगम ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
जलजमाव की समस्या को देखते हुए रांची नगर निगम ने आम लोगों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है. निगम ने लोगों से अपील की है कि अगर उनके मोहल्ले में जलजमाव है या नाली जाम होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो रही है, तो इसकी शिकायत टोल-फ्री नंबर 18005701235 पर दर्ज करायें.
बारिश के बीच शहर में एक ओर जहां निगम जलनिकासी के लिए अभियान चला रहा है, वहीं दूसरी ओर कई इलाकों में सड़क, नाली निर्माण और जलनिकासी की व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं.
