RANCHI : झारखंड में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. 1 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में मौसम के तेवर तल्ख रहने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, आज कई जिलों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक, तेज हवाएं और वज्रपात हो सकता है.
मौसम विभाग ने 1 सितंबर के लिए भारी बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. इसके बाद 2 सितंबर को भी कुछ इलाकों में भारी बारिश और वज्रपात की आशंका बनी रहेगी. वहीं, 3 और 4 सितंबर को गरज-चमक के साथ वज्रपात की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. हालांकि, 5 सितंबर के लिए IMD की ओर से कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.
12 जिलों में आज भारी बारिश की आशंका
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक 1 सितंबर को बोकारो, सरायकेला-खरसावां, पलामू, गुमला, धनबाद, सिमडेगा, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर), चतरा, देवघर, हजारीबाग और दुमका में भारी बारिश हो सकती है. इन जिलों में बारिश के दौरान मौसम तेजी से बदलने की संभावना है. कई जगहों पर आंधी के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं और वज्रपात का खतरा भी रहेगा. लोगों को खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.
राज्य के अन्य जिलों में भी आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के 1 सितंबर के पूर्वानुमान में भारी बारिश के अलावा गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है.
