RANCHI : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज की गई प्राथमिकी को लेकर झारखंड कांग्रेस में गहरा आक्रोश है. इसके विरोध में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी (JPCC) के आह्वान पर रांची में राज्य स्तरीय विरोध प्रदर्शन किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने कांग्रेस भवन से अल्बर्ट एक्का चौक तक एक विशाल विरोध मार्च निकाला और केंद्र सरकार का पुतला दहन कर अपना कड़ा ऐतराज जताया.
प्रदेश अध्यक्ष और मंत्रियों समेत कई दिग्गज नेता रहे मौजूद
इस विरोध मार्च में पार्टी के कई शीर्ष चेहरे शामिल हुए. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, राज्य सरकार के मंत्री इरफान अंसारी, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की और विधायक राजेश कच्छप के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे. प्रदर्शनकारियों ने केंद्र की नीतियों और विपक्षी नेताओं को निशाना बनाए जाने के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप, निष्पक्ष कार्रवाई की मांग
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी पर दर्ज मामले को पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित और दुर्भावनापूर्ण करार दिया. नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार जांच एजेंसियों और कानूनी प्रक्रियाओं का इस्तेमाल कर विपक्ष की आवाज को कुचलने की कोशिश कर रही है। इसके साथ ही, कांग्रेस ने उत्तराखंड में बीजेपी कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी निष्पक्ष रूप से प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग उठाई. कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि पार्टी इस तरह के राजनीतिक दबाव से पीछे हटने वाली नहीं है और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर संसद तक यह संघर्ष आगे भी जारी रहेगा.
