JAMSHEDPUR : एमजीएम थाना क्षेत्र में महिला के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 घंटे के भीतर दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओम प्रकाश 38 वर्षीय और जितेंद्र कुमार शर्मा उर्फ छोटू शर्मा 26 वर्षीय के रूप में हुई है.
इसे भी पढ़ें : SIR फॉर्म भरने के नाम पर अवैध वसूली, धनबाद के वासेपुर में आधार केंद्र सील, संचालक की तलाश
पुलिस को बुधवार देर रात करीब 1 बजे डायल-112 के जरिए सूचना मिली कि सिमुलडांगा गांव के पास सड़क किनारे एक महिला गंभीर हालत में अचेत पड़ी है.
एसपी के निर्देश पर ग्रामीण एसपी की निगरानी और पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची. महिला को रेस्क्यू कर एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज चल रहा है.
अस्पताल में पीड़िता ने बताया कि बुधवार शाम 6 बजे आरोपी ओम प्रकाश और छोटू शर्मा उसे डिमना चौक से अपाचे बाइक पर बैठाकर डिमना लेक स्थित मिर्जाडीह हाट ले गए.
वहां जबरन शराब पिलाकर मारपीट की.इसके बाद दोनों उसे वापस डिमना चौक लाए और फिर शराब खरीदी.
रात करीब 8:30 बजे आरोपियों ने महिला को भिलाई पहाड़ी और सिमुलडांगा के बीच रूपाईडांगा मैदान के पास झाड़ियों वाले सुनसान इलाके में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया.
पीड़िता के विरोध करने पर दोनों ने फिर मारपीट की. महिला के चेहरे, मुंह, बांह और पीठ पर चोट के निशान हैं. आत्मरक्षा में महिला ने मुख्य आरोपी ओम प्रकाश के चेहरे को नाखून से नोंच दिया.
पीड़िता के बयान पर बीएनएस की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल बाइक, मोबाइल फोन और घटनास्थल से शराब की खाली बोतलें भी बरामद की गई हैं.
पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्य भी जुटा रही है.
इसे भी पढ़ें : जगन्नाथपुर रथ मेला की तैयारियां तेज, डीजीपी ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
