Ranchi : कोडरमा जिले के झुमरीतिलैया स्थित चित्रगुप्त नगर में एक मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) अभ्यर्थी की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतका की पहचान रुचि कुमारी के रूप में हुई है. वह संजय कुमार सिंह की पुत्री थीं.परिजनों के अनुसार, रुचि रि-नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी और पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थी बताया जा रहा है कि वह अपने माता-पिता के साथ चित्रगुप्त नगर स्थित किराए के मकान में रहती थी.
इसे भी पढ़े : 56 विधायक होने के बावजूद JMM गठबंधन क्यों परेशान ? BJP की चाल से बढ़ा सस्पेंस

रुचि के पिता संजय कुमार सिंह मूल रूप से बिहार के नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र स्थित चितरपुर गांव के निवासी हैं। वह पेशे से एलआईसी एजेंट बताए जाते हैं.परिजनों के अनुसार, रुचि शुरू से ही पढ़ाई में काफी मेधावी थी और डॉक्टर बनने का सपना देख रही थी. इसी लक्ष्य को लेकर वह लगातार ऑनलाइन कक्षाओं के जरिए नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी.
NEET पेपर लीक विवाद से परेशान थी रुचि कुमारी
परिजनों ने बताया कि रुचि ने नीट परीक्षा की तैयारी के लिए लंबे समय तक कड़ी मेहनत की थी। परीक्षा देने के बाद उसे अच्छे परिणाम की उम्मीद थी, लेकिन इसी बीच पेपर लीक, पुनर्परीक्षा और परीक्षा प्रक्रिया को लेकर सामने आई खबरों से वह काफी परेशान रहने लगी थी।परिवार के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही थी और वह लगातार तनाव में दिखाई दे रही थी.
रविवार रात काफी देर तक जब वह अपने कमरे से बाहर नहीं निकली और खाना खाने भी नहीं आई, तब परिवार वालों को चिंता हुई.इसके बाद उसके पिता संजय कुमार सिंह कमरे के पास पहुंचे, जहां दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी प्रयास के बावजूद दरवाजा नहीं खुला तो परिवार के लोगों ने किसी तरह अंदर प्रवेश किया. अंदर रुचि अचेत अवस्था में मिली.
छात्रा की मौत के बाद जांच में जुटी पुलिस
रविवार रात हुई इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है. सूचना मिलने पर तिलैया थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया. सोमवार को बिहार के चितरपुर स्थित मुक्तिधाम में रुचि का अंतिम संस्कार कर दिया गया.रुचि के पिता संजय कुमार सिंह ने बताया कि उनकी बेटी बचपन से ही पढ़ाई में अव्वल रही थी.
उसका सपना डॉक्टर बनकर लोगों की सेवा करना था. उन्होंने कहा कि परिवार लगातार उसकी मानसिक स्थिति को संभालने की कोशिश कर रहा था, लेकिन इस दुखद घटना ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया।स्थानीय लोगों के मुताबिक, रुचि बेहद शांत, मेहनती और प्रतिभाशाली छात्रा थी। उसकी मौत से पूरे इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल है। पुलिस फिलहाल हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है.
मानसिक तनाव से जूझ रहे हैं तो यहां करें संपर्क
मुश्किल वक्त हमेशा हमेशा के लिए नहीं रहता. जिंदगी में उतार-चढ़ाव आते हैं, लेकिन हर अंधेरे के बाद रोशनी जरूर आती है। अगर आप या आपका कोई अपना तनाव, चिंता या मानसिक दबाव महसूस कर रहा है, तो अकेले रहने के बजाय किसी से बात करें और मदद लें.
इन हेल्पलाइन नंबरों पर निःशुल्क और गोपनीय सहायता उपलब्ध है:
• टेली-मानस (भारत सरकार हेल्पलाइन): 14416 / 1800-891-4416
• किरण हेल्पलाइन: 1800-599-0019
• स्नेहा फाउंडेशन: +91-44-24640050
• वंद्रेवाला फाउंडेशन: +91-9999666555
इसे भी पढ़े : जनगणना के नाम पर साइबर ठग सक्रिय, एक OTP और खाली हो सकता है बैंक अकाउंट
