RANCHI : झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. पर्याप्त संख्या नहीं होने के बावजूद भाजपा ने चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी शुरू कर दी है.
पार्टी इस बार किसी बड़े आदिवासी चेहरे को राज्यसभा भेजने की रणनीति पर काम कर रही है. इसे लेकर संगठन और शीर्ष नेतृत्व के बीच लगातार मंथन चल रहा है.
इसे भी पढ़ें : नौतपा में बदला मौसम, 7 डिग्री लुढ़का तापमान अगले 72 घंटे बारिश और वज्रपात के आसार
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा झारखंड से एक मजबूत ट्राइबल चेहरा राज्यसभा भेजकर आदिवासी राजनीति को नया संदेश देना चाहती है. फिलहाल भाजपा के राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, आदित्य प्रसाद साहू और प्रदीप वर्मा हैं.
दीपक प्रकाश का कार्यकाल अगले महीने खत्म हो रहा है. ऐसे में उनकी जगह किसी आदिवासी नेता को मौका दिए जाने की चर्चा तेज हो गई है.
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा का नाम सबसे प्रमुख दावेदारों में माना जा रहा है. इसके अलावा रांची की पूर्व मेयर आशा लकड़ा और आईआरएस अधिकारी निशा उरांव के नाम पर भी गंभीरता से विचार किया जा रहा है.
पार्टी के अंदर समीर उरांव और पूर्व आईपीएस अधिकारी अरुण उरांव के नाम की भी चर्चा है. समीर उरांव पहले भी राज्यसभा सदस्य रह चुके हैं और आदिवासी समाज में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है.
इसे भी पढ़ें : झारखंड में स्थानीय युवाओं को मिलेगा शिक्षक बनने का मौका, CM ने मांगी DPR
बताया जा रहा है कि दिल्ली में आयोजित आदिवासी राष्ट्रीय समागम के बाद भाजपा नेतृत्व ने झारखंड राज्यसभा चुनाव को लेकर विशेष चर्चा की थी. इसके बाद रांची में प्रदेश चुनाव समिति की बैठक हुई, जिसमें उम्मीदवार उतारने पर सहमति बनी.

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह को तीन नामों का पैनल तैयार कर केंद्रीय चुनाव समिति को भेजने की जिम्मेदारी दी गई है.
हालांकि भाजपा की इस रणनीति पर झामुमो ने सवाल खड़े किए हैं. झामुमो ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर भाजपा पर धनबल और अनैतिक दबाव के इस्तेमाल की आशंका जताई है.
पार्टी का कहना है कि सत्तारूढ़ गठबंधन के पास 56 विधायकों का समर्थन है, जबकि भाजपा के पास केवल 21 विधायक हैं. इसके बावजूद भाजपा उम्मीदवार उतार रही है, जिससे राजनीतिक खरीद-फरोख्त की आशंका बढ़ गई है.
इसे भी पढ़ें : नौतपा में बदला मौसम, 7 डिग्री लुढ़का तापमान अगले 72 घंटे बारिश और वज्रपात के आसार
