RANCHI : राज्य पुलिस मुख्यालय ने बिना अवकाश मुख्यालय छोड़ने के मामले में पांच आईपीएस अधिकारियों को शोकॉज नोटिस जारी किया है. सभी अधिकारी जैप और एससीआरबी बटालियन में तैनात हैं. जिन अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है उनमें जैप की अलग-अलग बटालियनों में पोस्टेड कुसुम पुनिया, ऋषभ कुमार झा, रीष्मा रमेशन, अंजनी अंजन और एमेल्डा एक्का शामिल हैं. जानकारी के अनुसार 26 अप्रैल की रात डीजीपी तदाशा मिश्रा के निर्देश पर जैप डीआईजी कार्तिक एस ने सभी अधिकारियों की लोकेशन रिपोर्ट मांगी थी. जांच के दौरान कुछ अधिकारियों की लाइव लोकेशन मुख्यालय से बाहर पाई गई. बताया गया कि संबंधित अधिकारियों ने बटालियन मुख्यालय छोड़ने से पहले अवकाश या अनुमति नहीं ली थी.

पुलिस मुख्यालय ने पांचों आईपीएस अधिकारियों के खिलाफ शोकॉज जारी कर जवाब मांगा है
इसे भी पढ़े : जमशेदपुर में गर्मी का कहर, 42 डिग्री तापमान से दोपहर में सूनी पड़ रहीं सड़कें
लोकेशन रिपोर्ट मिलने के बाद जैप डीआईजी ने पूरे मामले की रिपोर्ट डीजीपी को सौंपी. रिपोर्ट के आधार पर पुलिस मुख्यालय ने पांचों आईपीएस अधिकारियों के खिलाफ शोकॉज जारी कर जवाब मांगा है. पुलिस मुख्यालय की इस कार्रवाई को अनुशासनहीनता के मामलों पर सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है. माना जा रहा है कि जवाब मिलने के बाद आगे विभागीय कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा.
