RANCHI : झारखंड प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित जिला योजना कार्यशाला में ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान’ को लेकर रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई. इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिनेशानंद गोस्वामी और प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुन्द सहाय सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. कार्यशाला में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने स्पष्ट कहा कि भाजपा में राष्ट्र और संगठन सर्वोपरि है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ काम करने का आह्वान किया. साथ ही यह भी कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण अभियान कार्यकर्ताओं को वैचारिक मजबूती के साथ व्यवहारिक और नेतृत्व क्षमता में भी निखार लाते हैं.

नेताओं ने कार्यकर्ताओं को दिया ‘राष्ट्र प्रथम’ का संदेश, संगठन मजबूती और नेतृत्व विकास पर जोर
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने अपने संबोधन में प्रशिक्षण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि इसका उद्देश्य कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यशैली और सेवा भाव से जोड़ना है. उन्होंने कहा कि यह पहल समाज के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का एक प्रभावी माध्यम है. संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को भाजपा की कार्यसंस्कृति की आत्मा बताते हुए कहा कि अंत्योदय और एकात्म मानववाद केवल विचार नहीं बल्कि कार्यकर्ता निर्माण की आधारशिला हैं. उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण केवल जानकारी देने का माध्यम नहीं बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की एक सतत प्रक्रिया है.
इसे भी पढे़ : झारखंड में बदलेगा मौसम, तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि के साथ गर्मी से राहत के आसार
कार्यशाला में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ सभी जिलाध्यक्षों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही
गौरतलब है कि ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान’ भाजपा का एक व्यापक कैडर आधारित कार्यक्रम है. इसका उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक, संगठनात्मक और व्यावहारिक रूप से सशक्त बनाना है. यह अभियान पार्टी की मूल विचारधारा जैसे राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक पहचान और एकात्म मानववाद को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के साथ-साथ बूथ से लेकर राज्य स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर केंद्रित है. साथ ही इसमें नेतृत्व विकास और सेवा भाव को भी प्रमुखता दी जाती है.
