RANCHI : राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में सोमवार से मौसम का मिजाज बदलने वाला है. मौसम केंद्र के अनुसार राज्य के विभिन्न जिलों में तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है जिससे भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है. मौसम विभाग ने मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. अनुमान है कि 2 मई तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी रहेगा. इस दौरान तेज हवाएं भी चलेंगी जिससे मौसम सुहावना हो सकता है लेकिन सतर्कता बरतना जरूरी होगा.

कई जिलों में येलो अलर्ट, तापमान 2-5°C तक गिरने के आसार
मौसम में इस बदलाव का असर तापमान पर भी साफ नजर आएगा. 27 अप्रैल से अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है जबकि कुछ इलाकों में तापमान 3 से 5 डिग्री तक लुढ़क सकता है. वहीं रविवार को गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया. राजधानी रांची का तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राज्य के अन्य जिलों में भी पारा काफी ऊंचा रहा. पलामू में 44.9 डिग्री, सरायकेला में 42.5 डिग्री, पूर्वी सिंहभूम में 41.9 डिग्री और गुमला में 40.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.
इसे भी पढे : JET Exam 2026 में बड़ा बवाल : बोकारो के परीक्षा केंद्र पर अव्यवस्था, अभ्यर्थियों का हंगामा
हालांकि बोकारो में 35.2 डिग्री और जमशेदपुर में 37.5 डिग्री के साथ अपेक्षाकृत कम गर्मी दर्ज की गई. वहीं संथाल परगना के जिलों में तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा. कुल मिलाकर झारखंड में आने वाले दिनों में मौसम राहत लेकर आने वाला है लेकिन वज्रपात और तेज हवाओं को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
