Nakib Ziya
RANCHI : पड़ोसी राज्य बिहार में पहली बार भाजपा को नेतृत्व मिलने के बाद झारखंड भाजपा के नेताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है. सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं. नेताओं ने उनके सफल और ऐतिहासिक कार्यकाल की कामना की है.
इसे भी पढ़ें : लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के हर घर तक पहुंचे बिजलीः हेमलाल
बिहार के लिए नई ऊर्जा का क्षण: आदित्य साहू
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने इसे बिहार की जनता के लिए नए संकल्प और नई ऊर्जा का क्षण बताया है. उन्होंने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में एनडीए सरकार बिहार को विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयामों तक पहुंचाएगी. उन्होंने उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव को भी बधाई दी.
बिहार में आएगा सुशासन का नया आयाम: बाबूलाल
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यह नेतृत्व बिहार के लिए नई दिशा और ऊर्जा लेकर आएगा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और सम्राट चौधरी के नेतृत्व में एनडीए सरकार बिहार में सुशासन, विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करेगी. उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार भ्रष्टाचार मुक्त, सुरक्षित और समृद्ध राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा.
बिहार में मिलेगी विकास कार्यों को नई गति
भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी ने कहा कि संगठन और सरकार के बेहतर समन्वय से बिहार में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी. उन्होंने कहा कि नई टीम जनता की आकांक्षाओं पर खरा उतरते हुए प्रदेश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाएगी.
नई सरकार सभी वर्गों के हित के लिए कृतसंकल्प
भाजपा झारखंड के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि यह नेतृत्व अनुभव और ऊर्जा का समन्वय है, जो बिहार को विकास के नए आयाम तक ले जाएगा. उन्होंने कहा कि नई सरकार गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के हित में प्रभावी निर्णय लेकर राज्य को सशक्त बनाएगी.
सभी नेताओं ने बिजेंद्र प्रसाद यादव और विजय कुमार चौधरी को उपमुख्यमंत्री के रूप में मिली नई जिम्मेदारी के लिए भी बधाई दी.
इसे भी पढ़ें : Breaking: बोकारो के बहुचर्चित पुष्पा हत्याकांड में पुष्पा की मां ने प्राप्त कंकाल को पुष्पा का होने से किया इनकार
इसके अलावा बधाई देने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, आभा महतो, बालमुकुंद सहाय, डॉ. प्रदीप वर्मा, सुनील सोरेन, मुनेश्वर साहू, गीता कोड़ा, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी और मनोज सिंह सहित कई अन्य नेता शामिल हैं.
