Arafat
PAKUR : लिट्टीपाड़ा-धरमपुर नेशनल हाइवे 333 ए पर शाहरपुर के समीप मंगलवार को ट्रैक्टर और हाइवा के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. जिससे ट्रैक्टर के इंजन के परखच्चे उड़ गए. घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. दोनों वाहन चालक बाल-बाल बच गए.
इसे भी पढ़ें : महिला आरक्षण के सम्मान में निकाली गई रैली
जानकारी के अनुसार हाइवा संख्या जेएच 04 ए 6029 हिरणपुर थाना क्षेत्र के पत्थर क्रशर से गिट्टी लोड कर लिट्टीपाड़ा-धरमपुर के रास्ते गोड्डा की ओर जा रही थी. इसी दौरान विपरीत दिशा की ओर से आ रही तेज रफ्तार बालू लदा ट्रैक्टर से आमने-सामने की टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर का इंजन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
सूत्रों के अनुसार दोपहर का समय होने की वजह से चालक को अचानक झपकी लग गई और हादसा हो गया. घटना के पश्चात दोनों वाहन के चालक मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर वाहन को सड़क से हटाने की व्यवस्था में जुट गई. ताकि आवागमन सुचारू रूप से चलता रहे.
इसे भी पढ़ें : पाकुड़ में बुजुर्ग महिला से दिन दहाड़े बदमाशों ने छीना सोने का चेन
