BOKARO : बोकारो के रामनवमी अखाड़ा समितियों की संयुक्त बैठक बुधवार को सेक्टर 3 थाना मोड़ शिव मंदिर में सम्पन्न हुई. बैठक की अध्यक्षता बजरंग विजय अखाड़ा समिति के संजय पांडे ने की. इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कुमार अमित ने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि झारखण्ड की हेमंत सरकार द्वारा बिना डीजे रामनवमी जुलूस निकालने का तुगलकी फरमान सनातन के मनोबल को कुचलने का प्रयास है. यह राज्य सरकार द्वारा अपनाए जा रहे तुष्टिकरण नीति का ही नतीजा है. सरकार और प्रशासन को ऐसा नियम-नीति बनाना चाहिए जिसका पालन व्यावहारिक हो और लोग उसका पालन कर सकें. सरकार और प्रशासन के ऐसे नियम समाज के लिए अव्यावहारिक और हास्यास्पद और दुर्भाग्यपूर्ण भी हैं. बोकारो के सभी रामनवमी अखाड़ा समितियों को इस नियम के विरोध में एक मंच पर आकर जिला प्रशासन के माध्यम से सरकार के इस तुगलकी फरमान को लोकतांत्रिक तरीके से वापस लेने की पहल करनी चाहिए.
इसे भी पढ़ें : गैस सिलेंडर के अवैध भंडारण मामले में पुलिस ने एजेंसी संचालक को भेजा जेल

इस मामले में बोकारो विधायक की चुप्पी
कुमार अमित ने कहा कि विधानसभा चुनाव में सनातनी समाज का वोट लेकर बोकारो की विधायक बनी श्वेता सिंह का इस विषय पर सदन में चुप रहना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्हें अपनी कांग्रेस पार्टी की सरकार के इस सनातन विरोधी निर्देश का विरोध कर इसे वापस लेने की मांग करनी चाहिए थी. बैठक में उपस्थित सभी रामनवमी अखाड़ा समितियों ने भी सरकार के इस निर्देश का विरोध करते हुए कहा कि इस निर्देश की आड़ में पुलिस जुलूस के दौरान अखाड़ा समितियों को परेशान करते हुए डीजे मशीनों को जब्त कर डीजे संचालकों पर केस करने की धमकी देती है.

प्रशासन को दिया जाएगा दरखास्त
बैठक में अखाड़ा समितियों ने शीघ्र ही एक मंच पर आकर प्रशासनिक अधिकारियों से मिल इस फरमान को वापस लेने की मांग करने का निर्णय लिया है. बैठक का संचालन बजरंग अखाड़ा समिति के नागेंद्र सिंह ने किया. बैठक का संचालन बजरंग अखाड़ा समिति के नरेन्द्र सिंह ने एवं धन्यवाद ज्ञापन राम मंडली अखाड़ा समिति के सुनील कुमार ने किया.
इसे भी पढ़ें : एआईएमआईएम की ओर से इफ्तार पार्टी का हुआ आयोजन, रोजेदारों ने बढ़चढ़ कर लिया हिस्सा
