PALAMU : पलामू में एक अवैध गैस सिलेंडर भंडारण का मामला सामने आया है. पलामू के बैरिया चौक स्थित गैस एजेंसी के मालिक अजय कुमार साह के घर में रखे गैस सिलेंडर में रविवार को आग लग गया था. इस हादसे में एजेंसी से जुड़े चार लोग घायल हो गए थे. इस घटना के बाद मामले को लेकर पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी थी.
इसे भी पढ़ें : त्योहारों को देखते हुए पाकुड़ नगर परिषद की नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने स्ट्रीट लाइट की मरम्मती का दिया निर्देश
अधिक मुनाफे का लालच बनी वजह
जांच में यह खुलासा हुआ कि डिस्ट्रीब्यूटर अजय कुमार साह, गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण कर रहा था. सदर बीडीओ एवं सीओ जागो महतो ने इस मामले में शहर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. आरोप है कि एजेंसी मालिक द्वारा अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण किया गया था. गौरतलब है कि देश में आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 लागू है. जिसमें पेट्रोलियम या पेट्रोलियम उत्पादों का आवश्यकता से अधिक भंडारण गैर कानूनी है.

60 से अधिक सिलेंडर बरामद
गिरफ्तार एजेंसी संचालक अजय कुमार साह की निशानदेही पर 60 से अधिक गैस सिलेंडरों की बरामदगी हुई, जिसमें घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर शामिल है. उक्त बरामदगी से अवैध भंडारण की पुष्टि हुई है. 47 वर्षीय अजय कुमार साह को पुलिस ने गिरफ्तार करने के बाद मेडिकल जांच के लिए एमएमसीएच भेजा. मेडिकल जांच के बाद उसे जेल भेज दिया गया. पुलिस के अनुसार अगलगी की घटना के बाद अजय कुमार साह ने सिलेंडरों को छुपाने की भी कोशिश की थी. पुलिस अब सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें : राज्य में अवैध अस्पताल होंगे बंद, हाईकोर्ट ने सरकार से मांगी रिपोर्ट
पुलिसकर्मी सस्पेंड
पुलिस ने इस मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है. एसपी रीष्मा रमेशन ने कड़ा एक्शन लेते हुए टीओपी-3 के प्रभारी अजय कुमार गुप्ता सहित 9 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया.
