Vijay Thakur
GODDA : महागामा के ऊर्जानगर स्थित राजेंद्र स्टेडियम में 17 मार्च से झारखंड गृह रक्षा वाहिनी की भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी. इस भर्ती के तहत गोड्डा जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के अभ्यर्थियों के लिए गृह रक्षकों के नव नामांकन को लेकर शारीरिक जांच और लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी. भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी कड़ी में अनुमंडल पदाधिकारी आलोक वरण केसरी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सोनाराम हांसदा, अंचलाधिकारी डॉ. खगेंन महतो और महागामा थाना प्रभारी मनोज पाल ने ऊर्जानगर स्थित राजेंद्र स्टेडियम का निरीक्षण किया.
इसे भी पढ़ें : गोड्डा में मनरेगा कर्मियों का अनिश्चितकालीन धरना, सरकार से ग्रेड पे व सेवा सुरक्षा की मांग

जरूरी सुविधाओं को दुरुस्त करने का निर्देश
अधिकारियों की टीम ने स्टेडियम परिसर के अंदर और बाहर की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया. इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की आवाजाही और भीड़ नियंत्रण को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए. साथ ही स्टेडियम परिसर में बैरिकेडिंग, अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश व निकास मार्ग, पेयजल, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य जरूरी सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश संबंधित कर्मियों को दिए गए.
भर्ती प्रक्रिया होगी पूरी तरह पारदर्शी
अधिकारियों ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आने की संभावना है. इसे देखते हुए स्टेडियम के बाहर अभ्यर्थियों को नंबर के अनुसार बैठाने के लिए अलग-अलग बॉक्स बनाए जाएंगे, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और अभ्यर्थियों को व्यवस्थित तरीके से मैदान में प्रवेश कराया जा सके. प्रशासन की ओर से यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और अनुशासित तरीके से संपन्न हो. इसके लिए पुलिस बल की तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है. अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ परीक्षा स्थल पर पहुंचे और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें.
इसे भी पढ़ें : आदिवासी जमीन पर नहीं बनेंगे विधायक-सांसद के घर, तलाश की जाएगी विवाद मुक्त जमीन
