GUMLA : गुमला जिले में एक अर्धविक्षिप्त महिला को बच्चा चोर समझ कर बुरी तरह से पीटा गया. जिसके बाद उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी. अब इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. साथ ही अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है.
इसे भी पढ़ें : गुमला में बच्चा चोरी की अफवाह ने एक महिला की जान ले ली, पुलिस की अपील: संदिग्ध की सूचना तत्काल दें
क्या थी घटना
रविवार को गुमला के बिशुनपुर थाना क्षेत्र स्थित लापु गोरयाटांड़ में देर रात करीब 12 बजे एक अर्धविक्षिप्त महिला गांव में घूमती दिखी थी. ग्रामीणों ने उसे संदिग्ध बच्चा चोर समझ कर शोर मचाना शुरू कर दिया, देखते ही देखते भीड़ इकट्ठा हो गई. आक्रोशित भीड़ ने उस महिला के साथ बेरहमी से मारपीट किया. जिसके कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
एसपी के निर्देश पर छापामारी टीम का गठन
उक्त घटना की गंभीरता को देखते हुए गुमला एसपी हारिश बिन जमां के निर्देश पर एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव के नेतृत्व में एक विशेष छापामार दल का गठन किया गया था. छापेमारी दल ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. चारो आरोपी लापू गोरयाटांड़ के ही निवासी हैं. जिनके नाम क्रमशः है..
एतवा उरांव (64), शिवलाल उरांव (50), तेतरा उरांव (45) और बिरसाई उरांव (45) है. पुलिस ने इन लोगों को जेल भेज दिया है. साथ ही पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
ग्रामीणों को छुड़ाने थाना पहुंचे ग्रामीण
बताया जा रहा है कि इनलोगों को छुड़ाने के लिए ग्रामीण थाना पहुंच गए, तथा इन आरोपियों को जेल भेजने का विरोध किया. बिशुनपुर थाना प्रभारी ने स्पष्ट कहा कि कानून से बढ़कर कोई नहीं है. एक निर्दोष की हत्या हुई है, कानून के अनुसार कार्रवाई तय है. दोषियों को सजा जरूर मिलेगी.
इसे भी पढ़ें : केंद्र सरकार ने लागू किया ‘अनिवार्य वस्तु अधिनियम, 1955’, गैस की कालाबाजारी और किल्लत रोकने की कोशिश
एसपी की अपील
गुमला एसपी ने लोगों से बच्चा चोरी की अफवाह से दूर रहने और भ्रामक खबरें नहीं फैलाने की अपील की है. उन्होंने लोगों से संदिग्ध की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा है.
