L19/Ranchi : राजधानी रांची के महिलौंग स्थित आरा गेट के पास बना समृद्धि पार्क बकास्त मालिक और कायमी जमीन पर बना है। लोकतंत्र 19 ने इस बहुमंजिली इमारत की जमीन की मिल्कियत को लेकर खबरें दिखायी थी। अब हमें इससे संबंधित दस्तावेज प्राप्त हो गये हैं, जिसके अवलोकन करने से पता चला कि खेवट नंबर पांच से संबंधित यह जमीन है। जिसमें जमीन का कुल रकबा दो एकड़ से अधिक है। आरएस प्लाट संख्या 1608 जो खाता 58 से जुड़ा हुआ है। इसका कुल रकबा दो एकड़ 61 डिसमिल है।
जबकि आरएस प्लाट संख्या 1823 जो खाता 8 से संबंधित है का रकबा 74 डिसमिल है। इसी प्रकार आरएस प्लाट संख्या 1825 जो खाता 66 से जुड़ा है, उसका कुल रकबा 47 डिसमिल है। यह टाटीसिलवे थाना में आता है। दस्तावेजों के अनुसार विमला देवी जैन (पत्नि स्वर्गीय रतन लाल जैन) ने 30 जुलाई 2010 को यह जमीन रजिस्टर्ड डीड संख्या 20481 और 17690 से ली थी। विमला देवी जैन से बाद में संतोष जैन, प्रकाश आडुकिया और वीपीन अग्रवाल ने यह जमीन संयुक्त रूप से ली। प्रकाश कुमार आडुकिया का निधन वर्ष 2011 में हुई थी। इसके बाद वेंडर के रूप में उनकी पत्नी सुनीता आडुकिया को शामिल किया गया।
लोकतंत्र19 ने अपनी खबरों में दिखाया था कि जिस जमीन पर समृद्धि पार्क का निर्माण किया गया है, उसकी जमीन के बारे में पता नहीं चल रहा है। समृद्धि पार्क का नक्शा 2014-15 में रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकार (आरआरडीए) की तरफ से पास किया गया था। इसके अलावा 20 हजार 99 वर्ग मीटर से अधिक के कंस्ट्रक्शन एरिया को लेकर झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के खाते में इलिका इस्टेट्ट्स प्राइवेट लिमिटेड की तरफ से दो प्रतिशत का बैंक गारंटी भी जमा किया गया। यहां पर 244 से अधिक अपार्टमेंट बनाये गये हैं, जो एक हजार वर्ग फीट से लेकर 15 सौ वर्ग फीट तक के हैं। कंपनी की तरफ से 35 सौ रुपये वर्ग फीट की दर से वहां अपार्टमेंट की बिक्री की गयी है।
लोकतंत्र19 की खबर से यहां पर अपार्टमेंट खरीदनेवाले लोगों के बीच भी भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई थी। लोकतंत्र 19 की यह मंशा नहीं थी कि किसी तरह का भ्रम उत्पन्न हो, पर हमने इस बात को लेकर खबर दिखायी कि जमीन आखिर किसकी है। अब हमें खबर दिखाने के बाद वास्तविकता का पता चला है। इस पर हम स्वतंत्र और निर्भिक पत्रकारिता का फर्ज निभाते हुए दूसरे पक्ष को भी बखूबी रख रहे हैं, ताकि लोगों को सच्चाई का पता चल सके।