L19 DESK : पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को पाक रेंजरों ने गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी तब हुई है, जब भ्रष्टाचार के एक मामले में सुनवाई के लिए पूर्व पीएम इस्लामाबाद हाईकोर्ट में मौजूद थे। टीवी फूटेज पर नजर आ रहा है कि पाक रेंजर्स इमरान खान को कॉलर पकड़ कर कैदी वाहन तक ले गये। इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआइ) पार्टी ने गिरफ्तारी को गैर कानूनी बताते हुए उन्हें अगवा करने का आरोप लगाया।
इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद इस्लामाबाद में स्थिति बेहद तनावपूर्ण बनी हुई है। पूरे प्रांत में धारा 144 लागू कर दिया गया है। लोगों को चेतावनी दी गयी है कि इसका उल्लंघन करनेवालों पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी। पीटीआइ के नेता मजारी ने कहा कि न्यायालयों पर रेंजरों द्वारा हमला किया गया, जैसे कि एक कब्जे वाली भूमि पर हमला हो रहा हो। वकीलों और आइएचसी के कर्मचारियों को पीटा गया। यह आज का पाकिस्तान है, जहां अर्द्ध सैन्य बलों के द्वारा उच्च न्यायालय पर हमला किया गया। उन्होंने कहा कि सरकारी आतंकवाद इमरान खान को अदालत परिसर से अगवा करने के लिए आइएचसी परिसर में घुसे।
पाकिस्तान में जंगल का कानून चल रहा है। इमरान खान के साथ हिंदा हुई है और उनका अपहरण किया गया। पीटीआइ के वरिष्ठ नेता शिरीन मजारी के अनिसार लाहौर से संघीय राजधानी इस्लामाबाद आये, पार्टी अध्यक्ष अदालत में एक बायोमेट्रिक प्रक्रिया से गुजर रहे थे, तभी रेंजर्स ने कांच की खिड़की को तोड़ दिया। एक दिन पहले सेना ने इमरान खान पर आरोप लगाते हुए कहा था कि इमरान खान पाकिस्तानी सेना पर निराधार आरोप लगा रहे हैं। इमरान खान की गिरफ्तारी से पाकिस्तान के मुख्य न्यायाधीश काफी नाराज हुए।